पंजाब। पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान की समीक्षा के लिए शुक्रवार को फरीदकोट जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन बैठकों में आम आदमी पार्टी के विधायकों, हलका इंचार्जों, ब्लॉक कोऑर्डिनेटरों, वॉलंटियरों, पंचायत प्रतिनिधियों और विलेज डिफेंस कमेटियों के सदस्यों ने भाग लेकर नशामुक्त पंजाब के संकल्प को दोहराया।
फरीदकोट के चांद पैलेस में विधायक गुरदित्त सिंह सेखों, कोटकपूरा के संगम पैलेस में पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां तथा जैतो के ड्रीम कैसल पैलेस में विधायक अमोलक सिंह की अगुवाई में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे और प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने लोगों से नशा विरोधी मुहिम में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
उन्होंने कहा कि समाज और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से ही पंजाब को नशे की समस्या से मुक्त कराया जा सकता है। वक्ताओं ने राज्य को फिर से ‘रंगला पंजाब’ बनाने के लिए जनसहयोग को सबसे महत्वपूर्ण बताया। कोटकपूरा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज रही है, वहीं नशे की गिरफ्त में आए युवाओं का उपचार कर उन्हें मुख्यधारा में लौटाने और स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
