भोपाल। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल), भोपाल के मानव संसाधन विकास केंद्र परिसर के पास एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन विकास केंद्र) आरिफ अहमद सिद्दीकी और अपर महाप्रबंधक (प्रचार एवं जनसंपर्क) उपेंद्र कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों सहित भेल में प्रशिक्षण ले रहे अप्रेंटिस प्रशिक्षुओं और कॉलेज के छात्रों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर परिसर को हरा-भरा बनाने के लिए विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे।
यह आयोजन पर्यावरण की सुरक्षा, देखभाल और भावी कार्यबल के बीच इसके महत्व को बढ़ावा देने के प्रति भेल प्रबंधन की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पौधारोपण के पश्चात आयोजित एक विशेष सत्र में अपर महाप्रबंधक आरिफ अहमद सिद्दीकी ने मानव संसाधन विकास केंद्र की गतिविधियों से जुड़े समस्त स्टाफ और उपस्थित छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की सामूहिक शपथ दिलाई। अपने संबोधन में श्री सिद्दीकी ने युवाओं और कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल एक दिन का काम नहीं है, बल्कि हमें अपने निजी और पेशेवर जीवन में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार आदतों को अनिवार्य रूप से शामिल करना चाहिए।
उन्होंने जोर देकर कहा कि आज की गई प्रकृति की रक्षा ही हमारे सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य का निर्माण करेगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य भविष्य के कार्यबल के रूप में तैयार हो रहे छात्रों और प्रशिक्षणार्थियों के बीच पर्यावरण सुरक्षा की चेतना जगाना और उन्हें इसके प्रति जागरूक बनाना है।
