रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के तहत शनिवार को सक्ती जिले के जैजैपुर विकासखंड स्थित ग्राम ठठारी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ऐतिहासिक चतुर्भुज विष्णु मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने भगवान विष्णु से छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए आशीर्वाद मांगा।
क्षेत्र की आस्था और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक इस प्राचीन मंदिर को ऐतिहासिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है। स्थानीय जनश्रुतियों के अनुसार मंदिर में स्थापित भगवान विष्णु की प्रतिमा चौथी शताब्दी की है, जो इसकी ऐतिहासिक पहचान को और विशेष बनाती है। सुशासन तिहार अभियान के तहत मुख्यमंत्री लगातार प्रदेश के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। इस पहल के माध्यम से वे गांवों में पहुंचकर आम नागरिकों से सीधे संवाद कर रहे हैं और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का फीडबैक ले रहे हैं।
इसी क्रम में ग्राम ठठारी में आयोजित जनचौपाल में भी मुख्यमंत्री शामिल हुए, जहां उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से चर्चा की।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की गति बढ़ाने के साथ-साथ आम लोगों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करना है।
