झांसी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) झांसी इकाई में “बीएचईएल पर्यावरण जागरूकता माह-2026” का शुभारंभ उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। यह विशेष अभियान 5 जून से 4 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सतत विकास की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम का शुभारंभ बीएचईएल झांसी के इकाई प्रमुख रिज़वान फैसल सिद्दीकी की अध्यक्षता में आयोजित उद्घाटन बैठक से हुआ।
इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के निर्वहन की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में इकाई प्रमुख ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पर्यावरणीय क्षरण और प्लास्टिक प्रदूषण को रोकने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव भविष्य की पीढ़ियों के लिए बड़ा अंतर पैदा कर सकते हैं।

उन्होंने बीएचईएल परिवार और आम नागरिकों से पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने की अपील भी की। कार्यक्रम के तहत “वाहन रहित दिवस” का विशेष आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने बीएचईएल आवासीय परिसर से फैक्ट्री के मुख्य द्वार तक पैदल मार्च कर पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण का संदेश दिया।
इसके बाद इकाई प्रमुख, महाप्रबंधकों, विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों, यूनियन प्रतिनिधियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में बीएचईएल आवासीय परिसर में सामूहिक वृक्षारोपण किया गया। यह गतिविधि संस्थान की हरित विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक रही। बीएचईएल झांसी द्वारा आयोजित यह माहभर चलने वाला अभियान कर्मचारियों और समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सतत एवं हरित भविष्य के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
