बालाघाट/कटंगी। जिले के कटंगी थाना क्षेत्र के जरामोहगांव से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने दो मासूम बच्चों—बेटे वंश (5) और बेटी भूरि (3)—को अपने शरीर से गमछे में बांधकर कुएं में कूदकर जान दे दी। बुधवार सुबह जब तीनों के शव कुएं में उतराते मिले, तो पूरे गांव में मातम पसर गया। प्राथमिक जांच और परिजनों के बयानों से संकेत मिल रहे हैं कि मृतक श्याम नागेंद्र पिछले काफी समय से खराब आर्थिक स्थिति और बच्चों के भविष्य को लेकर गहरे तनाव में था।
मृतक के बड़े भाई किशोर नागेंद्र ने बताया कि श्याम पिछले 15 वर्षों से सहारा फाइनेंस कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। कभी 20 से 25 हजार रुपये कमाने वाले श्याम की स्थिति कंपनी के दिवालिया होने के बाद बिगड़ती चली गई। पिछले 4-5 वर्षों से उसकी तनख्वाह आधी हो गई थी और पिछले चार महीनों से उसे एक रुपया भी नहीं मिला था। उसने हाल ही में नौकरी छोड़कर एलआईसी और पोस्ट ऑफिस के काम के जरिए परिवार पालने की कोशिश शुरू की थी, लेकिन आर्थिक तंगी का डर उसे लगातार सता रहा था। सोमवार रात गांव में शादी का माहौल था।
श्याम अपने दोनों बच्चों को बारात दिखाने का कहकर घर से निकला था। जब वह देर रात तक नहीं लौटा, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर बिना मुंडेर के एक कुएं के पास उसकी बाइक और चप्पलें मिलीं। बुधवार सुबह पुलिस और ग्रामीणों की मदद से जब शव बाहर निकाले गए, तो पिता और बच्चों के शव एक ही गमछे में बंधे हुए थे, जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
