देवघर,
देवघर में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने निशिकांत दुबे की भारतीय नागरिकता पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि उन्हें शक है कि दुबे इंडियन नहीं हैं. डॉ. अंसारी ने कहा, उनकी जीवनशैली, बोलने का तरीका और सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट देखकर नहीं लगता कि वह भारतीय हैं. मैं उनकी नागरिकता की जांच करवाना चाहता हूं कि वह इंडियन हैं या अमेरिकन.
स्वास्थ्य मंत्री ने इसके साथ ही पहलगांव आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि निशिकांत दुबे की यात्रा के दौरान जो सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, वह सवाल खड़े करती है. डॉ. अंसारी ने बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आम पर्यटकों के लिए कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं थे, जबकि सांसद के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे.
उन्होंने कहा कि देश इस समय गम में डूबा हुआ है, लेकिन केंद्र सरकार सख्त कदम उठाने में नाकाम रही है. डॉ. अंसारी ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने ही सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है और शहीदों के प्रति संवेदनहीन रवैया अपना रही है. उन्होंने मांग की कि मोदी सरकार को तुरंत कठोर और निर्णायक कार्रवाई करनी चाहिए.
आतंकी हमले में मारे गए 26 पर्यटक
बता दें कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के बैसरन (पहलगाम) में आतंकी हमले में 26 पर्यटक मारे गए. आतंकियों ने धार्मिक पहचान पूछकर निर्दोष लोगों पर गोली चलाई थी. बचे हुए परिजनों ने हमले की दर्दनाक कहानी सुनाई और सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं, पीड़ित परिवारों ने सुरक्षा में भारी चूक बताई है.
