सीकर
कार्तिक मास की एकादशी तिथि के मौके पर जहां पूरे देश में देव दिवाली की धूम रहती है। वहीं राजस्थान में इस दिन खाटू श्याम के जन्मदिन को लेकर खास उत्साह देखने को मिलता है। इस मौके पर राजस्थान के सीकर स्थित खाटू श्याम में श्याम बाबा के दर्शनों के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। आज इस अवसर पर खाटू में बाबा श्याम का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। ड्रोन से लिए गए इस वीडियो में भक्तों की लंबी कतार देखने को मिल रही है। वीडियो में जहां तक नजर जा रही है कि लोगों का जनसैलाब देखने को मिल रहा है।
जन्मदिन पर मंगला आरती पर पहुंचे हजारों श्रद्धालु
बता दें कि बाबा खाटू श्याम के जन्मदिन के मौके पर राजस्थान के सीकर में देश के कई राज्यों से लोग पहुंचते हैं। दो दिन पहले से ही यहां लोगों की भीड़ जुटना शुरू हो जाती है। बड़ा जनसैलाब दर्शन के लिए उमड़ता है। मंगलवार 12 नवंबर यानी आज भी ऐसा ही देखने को मिला। बाबा खाटू श्याम के मंगला दर्शन में इस दौरान हजारों की संख्या में लोग जुटे। वहीं देर रात इसी तरह भक्तों की कतार लगी रही। मंगला आरती के दर्शन के बाद यहां भक्तों को प्रसाद के रूप में केक बांटा गया।
लक्खी मेला के नाम से भी जाना जाता है जन्मोत्सव
दरअसल कार्तिक शुक्ल एकादशी तिथि को खाटू श्यामजी का जन्म दिवस माना जाता है। लेकिन खाटू श्याम का जन्मोत्सव कार्तिक शुक्ल एकादशी के अलावा फाल्गुन शुक्ल एकादशी को भी मनाया जाता है, जिसे लक्खी मेला के नाम से भी जाना जाता है।
