नई दिल्ली,
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के 119वें वार्षिक सत्र में ‘विकसित भारत @ 2047: प्रगति के शिखर की ओर अग्रसर’ टॉपिक पर अपनी बातें रखी. इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की दस साल की कामयाबी और देश में हुए विकास कार्यों को गिनाया. अमित शाह ने कहा, “स्थिरता के बगैर नीतियों में सातत्य नहीं आता और विकास नहीं होता. दस साल तक इतने बड़े देश को अनेक समस्याओं से मुक्त करके तीसरी बार मोदी जी देश का नेतृत्व कर रहे हैं. प्रधानमंत्री जी ने 2 लक्ष्य रखे- 2047 में भारत पूर्ण विकसित राज्य के रूप में दुनिया के सामने खड़ा होगा और 2027 तक हम दुनिया का सबसे बड़ा अर्थतंत्र बनकर खड़े होंगे.”
केंद्रीय गृह मंत्री ने आगे कहा, “मोदी जी दस साल से लगातार प्रयास कर रहे हैं. मैंने इन प्रयासों को बहुत नजदीक से देखा है. उन्होंने औद्योगिक विकास की जो कल्पना की है. भारत को दुनिया में मैन्युफैक्चरिंग का हब बनाना, स्किल वर्कफोर्स का निर्माण करना, एडवांस कम्प्यूटिंग टेक्नोलॉजिकल क्षेत्र में भारत को आगे बढ़ाना, अंतरिक्ष के क्षेत्र में नई शुरुआत करना और कई सारे इमर्जिंग सेक्टर में आज से ही भारत लीडर बने, इस प्रकार की नीतियों का निर्माण करने की कल्पना की है. उन्होंने ढेर सारे काम एक दूरदर्शी नेता के रूप में किया है.”
‘दस साल में हमने…’
अमित शाह ने आगे कहा कि पीएचडी चैंबर बिजनेस कम्युनिटी और सरकार के बीच की कड़ी होता है. सरकार के विजन को जमीन तक पहुंचाना और इंडस्ट्री के विजन को सरकार तक पहुंचाने का काम आप लोग करना है. उन्होंने आगे सरकार के काम को गिनाते हुए कहा कि दस साल में दुनिया का सबसे लंबा टनल हाईवे भारत में है, दुनिया का सबसे ऊंचा ब्रिज भारत में है, कोलकाता की अंडर वॉटर मेट्रो है, सब कुछ दस साल के अंदर भारत में हुआ है.
केंद्रीय गृहमंत्री ने आगे कहा कि विश्व में सबसे तेजी से बढ़ती स्टार्ट-अप इकोनॉमी हम बने हैं. सबसे बड़ा डिजिटल पेमेंट सिस्टम हमने बनाया है, विश्व के कई देश इसको स्वीकार कर रहे हैं. फूड सेक्योरिटी से लेकर हेल्थ सेक्योरिटी तक हमने सभी आयामों पर काम किया है. एक विजन, एक्सपीरिएंस और कमिटमेंट तीनों के साथ मिलने वाला व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री होता है, तो कितना फायदा होता है.
‘इंटरनेशनल रेटिंग में भारत…’
अमित शाह ने आगे कहा, “हम लोकतांत्रिक देश के अंदर जीते हैं, लोकतंत्र में जनता ही तय करती है कि सरकार की लीडरशिप किसके हाथ में होगी. जब हम कॉम्प्रेटिव स्टडी नहीं करते हैं, तब तक सही आकलन नहीं हो सकता है. पहले डबल डिजिट मंहगाई हुआ करती थी, आज हम डबल डिजिट ग्रोथ के साथ आगे बढ़ रहे हैं. आज भारत मैन्युफैक्चरिंग के लिए अच्छा डेस्टिनेशन बन चुका है. इंटरनेशनल रेटिंग में भारत नीचे से टॉप कर रहा था और आज कई क्षेत्रों में भारत आगे है.”
उन्होंने आगे कहा कि दस साल में एक भी भ्रष्टाचार का आरोप हमारे विरोधी हम पर नहीं लगा पाए हैं. नक्सलवाद और आतंकवाद इस देश के लिए नासूर बन गया था. आज हमने आतंकवाद को दो सौ गज जमीन के नीचे दफन करने में सफलता हासिल की है. पूरी बैंकिंग प्रणाली चरमरा गई थी, आज सरकारी बैंकों को 1.40 करोड़ लाख का मुनाफा हुआ है. इससे पता चलता है कि कितना विकास हुआ है.
अमित शाह ने कहा कि देश में 60 करोड़ लोग ऐसे थे, जिनके घर में ट्वायलेट, पीने का पानी, गैस सिलेंडर, बिजली, घर, खाना और दवाइयां नहीं थी. आज मोदी जी 5 करोड़ लोगों को अनाज दे रहे हैं. 11 करोड़ से ज्यादा लोगों को मुफ्त गैस कनेक्शन दिया है, 12 करोड़ से ज्यादा लोगों के घरों में ट्वायलेट बनाने का काम किया है.
