17.6 C
London
Monday, June 22, 2026
HomeUncategorizedशेयर बाजार में कत्लेआम, सेंसेक्स 1000 अंक लुढ़का, निवेशकों के पांच लाख...

शेयर बाजार में कत्लेआम, सेंसेक्स 1000 अंक लुढ़का, निवेशकों के पांच लाख करोड़ स्वाहा

Published on

नई दिल्ली

घरेलू शेयर मार्केट में आज भारी गिरावट देखी जा रही है। फिच ने अमेरिका की रेटिंग में कटौती की है। साल 2011 के बाद यह पहला मौका है जब किसी एजेंसी ने दुनिया की सबसे बड़ी इकॉनमी की रेटिंग में कटौती की है। बुधवार को दुनियाभर के शेयर बाजारों में इसका व्यापक असर देखने को मिला। स्थानीय शेयर बाजार भी गिरावट के साथ खुले। दिन चढ़ने के साथ ही इसमें और ज्यादा गिरावट आई। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स (BSE Sensex) करीब 1,000 अंक की गिरावट के साथ 66,500 अंक से नीचे चला गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी (NSE Nifty) भी 19,5000 अंक से नीचे आ गया। दोपहर बाद 2.15 बजे सेंसेक्स 970.25 अंक यानी 1.46 परसेंट की गिरावट के साथ 65,489.06 अंक पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी भी 303.60 अंक यानी 1.54 फीसदी गिरावट के साथ 19,429.95 अंक पर था। इस गिरावट से निवेशकों के करीब पांच लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए हैं।

सभी सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे हैं। सबसे ज्यादा गिरावट बैंकिंग और मेटल शेयरों में आई है। टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, हीरो मोटो, आयशर मोटर्स और कोल इंडिया के शेयरों में दो फीसदी से अधिक गिरावट आई है। रिलायंस और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में भी करीब 1.5 फीसदी गिरावट आई है। सेंसेक्स के 30 में से 27 शेयर गिरावट पर हैं। अन्य एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में थे। मंगलवार को अमेरिकी बाजार नकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.85 प्रतिशत बढ़कर 85.63 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 92.85 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे।

क्यों आई गिरावट
मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजार में भी गिरावट रही थी। नैसडैक में 0.43 फीसदी और डाउ जोंस में 0.33 परसेंट गिरावट रही। अमेरिका की रेटिंग डाउनग्रेड होने की खबर से एशियाई मार्केट्स में गिरावट रही। जापान का निक्केई और चीन का हैंग सेंग दो फीसदी गिरावट में रहे। जुलाई में लगातार पांचवें महीने निफ्टी पॉजिटिव नोट में रहा। पिछले पांच महीने में मार्केट में 13 परसेंट से अधिक तेजी आई है। इसलिए कुछ निवेशक मुनाफावसूली में लगे रहे। इससे भी मार्केट में गिरावट रही।

दुनिया के सबसे बड़ी इकॉनमी वाले देश अमेरिका (US Economy) को तगड़ा झटका लगा है। फिच ने अमेरिका की रेटिंग AAA से घटाकर AA+ कर दी है। साल 2011 के बाद अमेरिका की रेटिंग में पहली बार कटौती की गई है। देश की वित्तीय स्थिति और बढ़ते कर्ज को देखते हुए फिच ने अमेरिका की रेटिंग में कटौती की है। फिच ने अमेरिका को टॉप रेटिंग दे रखी थी लेकिन अब उसे घटा दिया गया है। फिच का कहना है कि अमेरिका में पिछले 20 साल में गवर्नेंस की स्थिति बदतर हुई है। फिच दुनिया की तीन बड़ी इंडिपेंडेंट एजेंसियों में से एक है जो किसी देश या कंपनी की क्रेडिट साख का आकलन करती है। AAA को परफेक्ट रेटिंग कहा जाता है। लेकिन अब अमेरिका की रेटिंग को घटा दिया गया है।

Latest articles

भेल में मना 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, ‘नीम के पेड़’ का केक काटकर मनाया जन्मदिन

​भोपाल। ​भेल (BHEL) खेल परिसर, भोपाल के एथलेटिक्स ग्राउंड में आज 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग...

योग भारत की अमूल्य विरासत, हर उम्र के लिए जरूरी, बीएचईएल हरिद्वार में धूमधाम से मना अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

​"योग फॉर हेल्दी एजिंग" थीम पर बीएचईएल इंटरनेशनल क्लब में हुआ भव्य आयोजन...

भोपाल में छात्र संगठन ने री-नीट परीक्षा से पहले किया हवन, बोले- सरकार पर भरोसा नहीं भगवान भरोसे छात्र

भोपाल। पेपर लीक विवाद के बाद रविवार को देशभर में री-नीट परीक्षा आयोजित की...

वेयरहाउस नोटिस पर भड़के जीतू पटवारी, अधिकारी से बोले- सरकार का माल हटा लो, बेइज्जती बर्दाश्त नहीं

भोपाल। इंदौर के सांवेर स्थित अपने वेयरहाउसों को नोटिस मिलने के बाद कांग्रेस प्रदेश...

More like this

भोपाल के रंगमंच से बॉलीवुड तक: उदय अठरौलिया की दो नई फिल्मों में दिखेंगे अभिनय के अलग रंग

भोपाल। राजधानी के रंगमंच से अपने अभिनय सफर की शुरुआत करने वाले अभिनेता उदय...

“पति को जल्द गिरफ्तार करें, नहीं तो वह मुझे मार डालेगा”: घरेलू हिंसा की शिकार महिला ने लगाई गुहार

भोपाल। भोपाल के भीमनगर क्षेत्र की रहने वाली गीता पटेल ने अपने पति पर...

10 लेन अयोध्या बायपास परियोजना का मंत्री विश्वास सारंग ने किया निरीक्षण

करोंद में बार-बार पाइपलाइन टूटने पर ठेकेदार को फटकार, वसूला जाएगा मुआवजा भोपाल। प्रदेश के...