सैफ अली खान और ऋतिक रोशन स्टारर ‘विक्रम वेधा’ रिलीज होने के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई कर रही है। तमिल की इसी नाम की बनी फिल्म के हिंदी रीमेक का जब ट्रेलर रिलीज किया गया था तो खूब आलोचना हुई थी। ऋतिक रोशन के लिए कहा गया था कि वह विजय सेतुपति की बराबरी तक नहीं कर सकते। लेकिन जब फिल्म रिलीज हुई है तो न सिर्फ ऋतिक और सैफ की एक्टिंग की तारीफ हो रही है, बल्कि यह अच्छी कमाई भी कर रही है। 30 सितंबर को रिलीज हुई ‘विक्रम वेधा’ की कमाई हर दिन बढ़ती ही जा रही है। खास बात यह है कि फिल्म ने तीसरे दिन सबसे ज्यादा कमाई की है। पहले दिन ‘विक्रम वेधा’ ने 10 करोड़ के आसपास कमाए थे। दूसरे दिन यह कमाई बढ़ी और फिल्म ने देशभर में 12.75 करोड़ रुपये कमाए। लेकिन तीसरे दिन यह कमाई और बढ़ गई। बावजूद इसके यह तीन दिन में 40 करोड़ का आंकड़ा भी नहीं छू पाई।
गौर करने वाली बात यह है कि Ranbir Kapoor और Alia Bhatt स्टारर ‘ब्रह्मास्त्र’ ने पहले वीकेंड में ही देशभर में 100 करोड़ से ज्यादा रुपये कमाए। वहीं दूसरे वीकेंड में इस फिल्म ने देशभर में 42 करोड़ रुपये की कमाई की थी। और ‘विक्रम वेधा’ इससे भी पिछड़ गई। ‘विक्रम वेधा’ ने रिलीज के तीसरे दिन यानी रविवार 2 अक्टूबर को कितनी कमाई की, आइए आपको बताते हैं।
‘विक्रम वेधा’ ने तीसरे दिन कमाए इतने करोड़
‘विक्रम वेधा’ ने तीसरे दिन 14.75 करोड़ कमाए। इस तरह फिल्म की तीन दिन की कमाई 37.75 करोड़ हो गई है। रिलीज के पहले दो दिनों की तुलना में तीसरे दिन ‘विक्रम वेधा’ की कमाई बढ़ी तो जरूर, लेकिन इसे नेशनल हॉलीडे (2 अक्टूबर गांधी जयंती) और वीकेंड के नजरिए से देखें तो आंकड़ा बेहद कम है।
फर्स्ट वीकेंड पर ‘विक्रम वेधा’ की कमाई
वीकेंड होने के कारण अच्छा-खासा फुटफॉल हो सकता था। पर ‘विक्रम वेधा’ के मामले में ऐसा देखने को नहीं मिला। लेकिन यह अच्छी बात है कि ‘विक्रम वेधा’ की कमाई गिरी नहीं है। यह रोजाना बढ़ रही है। ‘विक्रम वेधा’ को दर्शकों का भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। जिन लोगों ने फिल्म का तमिल वर्जन देखा है, वो भी इसकी तारीफ कर रहे हैं।
