भोपाल
बीएचईएल के सांस्कृतिक भवन में मानव संसाधन विकास केन्द्र द्वारा मेकॉम संभाषण का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में बीएचईएल, भोपाल के कार्यपालक निदेशक विनय निगम उपस्थित थे । कार्यक्रम में लाभप्रदता एवं नगदी (लिक्विडिटी) की सुनिश्चिता के लिए समय पर निष्पादन, बकाया राशि की वसूली एवं लागत अनुकूलन विषय पर प्रबंधन प्रतिनिधि एवं कर्मचारियों के मध्य विचार विमर्श एवं संवाद हुआ ।
अपने संबोधन में श्री निगम ने कर्मचारियों की लगन एवं कम्पनी के प्रति समर्पण की प्रशंसा की । उन्होंने अफसरों से कहा कि अगले ढाई महीने में भोपाल यूनिट में मिलकर जुलकर सुदृड़ इच्छा-शक्ति के साथ उत्पादन लक्ष्य को पूरा करना है । इस अवसर पर सभी महाप्रबंधकों ने वक्ताओं की जिज्ञासाओं को सम्बोधित कर उठाए गए मुद्दों पर विचार किया और जल्द ही उनका निवारण करने का आश्वासन दिया । इसके पूर्व अपने स्वागत संबोधन में आदिकन्द बेहेरा, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने सभी कर्मचारियों को मेकॉम के इतिहास से अवगत कराया ।
अमिताभ दुबे, महाप्रबंधक (एसओएम एवं सीडीसी) द्वारा बीएचईएल, भोपाल इकाई ने वर्ष 2022-23 पर प्रस्तुतीकरण देते हुए उन्होंने सभी विभागों से यह अपेक्षा की कि वर्तमान लक्ष्य को समय पर पूरा करने के साथ ही सभी सामानों की समय से आपूर्ति करना है । इसके उपरांत उन्होंने कारपोरेट स्ट्रेजिक प्लान 2022-27 के बारे में सभी के साथ जानकारी साझा की । कार्यक्रम के मुख्य चरण में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने सुझाव, प्रश्न एवं विचारो को प्रबंधन प्रतिनिधियों के सम्मुख प्रस्तुत किया ।
