भोपाल
अरूण बरोका, आईएएस, सचिव, रसायन एवं पेट्रोकेमिकल्स, भारत सरकार ने बीएचईल भोपाल कारखाने का अवलोकन कर यहां मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया । विनय निगम, कार्यपालक निदेशक बीएचईएल, भोपाल एवं झांसी तथा डॉ. संदेश कुमार जैन, प्रधान निदेशक एवं प्रमुख, सिपेट इस अवसर पर उनके साथ थे । श्री बरोका ने यूएचवी लैब, न्यू ट्रांसफार्मर ब्लॉक, सीईटी लैब तथा आईएमएम प्रभाग का अवलोकन किया और यहां हो रहे कार्यों तथा सुविधाओं का जायजा लिया ।
श्री निगम ने उन्हें बीएचईएल, भोपाल में हो रहे कार्यों तथा यहां उपलब्ध विश्वस्तरीय सुविधाओं की जानकारी दी और कहा कि बीएचईएल अपने ग्राहकों की संतुष्टि के साथ साथ उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है । उन्होंने न्यू ट्रांसफार्मर ब्लॉक के अवलोकन के दौरान उसकी विशेषताओं से अवगत कराया और कहा कि देश में यह एक चुनिंदा सुविधा है । उन्होंने बीएचईएल के ट्रांसफार्मर विभाग में वर्ष 1961में 1एमवीए क्षमता वाले ट्रांसफार्मर निर्माण से शुरू हुई यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कैसे बीएचईएल ट्रांसफार्मर निर्माण के क्षेत्र में देश के अग्रणी ट्रांसफार्मर निर्माता के रूप में स्थापित है ।
उन्होंने सेंट्रल फॉर इलेक्ट्रिक ट्रांसपोर्टेशन लैब में उपलब्ध विशिष्ट सुविधाओं की जानकारी दी जो ट्रेक्शन के परीक्षण से संबंधित है । इसके अलावा इंडस्ट्रियल मोटर तथा अन्य उत्पादों के बारे में जानकारी दी गई । श्री बरोका ने बीएचईएल, भोपाल में उपलब्ध सुविधाओं तथा इस कारखाने के निर्माण क्षमता की सराहना की और इसे एक विशिष्ट संस्थान बताया ।
