नई दिल्ली,
मणिपुर में दो महिलाओं के साथ दरिंदगी के मुद्दे पर संसद के दोनों सदनों में सोमवार को जमकर हंगामा हुआ. हंगामे के दौरान आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद वेल में राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ की कुर्सी के सामने पहुंचकर विरोध करने लगे. इस दौरान वे जगदीप धनखड़ को हाथ दिखाकर कुछ बोल रहे थे. इसके बाद उन्हें पूरे मॉनसून सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया.
बताया जा रहा है कि राज्यसभा में जब कार्यवाही चल रही थी और सांसद सवाल जवाब कर रहे थे. तभी आप सांसद संजय सिंह सभापति जगदीप धनखड़ की कुर्सी के सामने आकर जोर जोर से बोल रहे थे. वहीं, जगदीप धनखड़ उन्हें सीट पर बैठने के लिए कह रहे थे.
संजय सिंह के खिलाफ पीयूष गोयल लाए प्रस्ताव
इसी बीच नेता सदन पीयूष गोयल ने कहा, संजय सिंह की इस तरह की हरकत सही नहीं है. ये सदन के नियमों के खिलाफ है. उन्होंने कहा, मैं सभापति से अपील करता हूं कि वे संजय सिंह के खिलाफ कार्रवाई करें. उन्होंने कहा, सरकार संजय सिंह के सस्पेंशन के लिए प्रस्ताव लाती है कि उन्हें पूरे मॉनसून सत्र के लिए सस्पेंड किया जाए. इस पर सभापति ने कहा कि आप प्रस्ताव लाएं.
इसके बाद गोयल ने कहा कि वह प्रस्ताव ला रहे हैं, कि संजय सिंह को पूरे मॉनसून सत्र के लिए निलंबित कर दिया जाए. इस प्रस्ताव पर सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा, संजय सिंह को आसन के खिलाफ लगातार नियमों का उल्लंघन करने के लिए मॉनसून सत्र के बाकी की बची अवधि के लिए सस्पेंड किया जाता है. क्या क्या सदन इस प्रस्ताव को स्वीकार करता है? इस पर सत्ताधारी सांसदों ने कहा- हां और ध्वनिमत से ये प्रस्ताव पारित हो गया.
AAP ने बीजेपी को घेरा
संजय सिंह के राज्यसभा सदन से सस्पेंशन पर AAP मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, अगर भाजपा की चले तो संजय सिंह को जेल में डाल देते. संजय सिंह संसद में विपक्ष की बुलंद आवाज हैं. वे नारा लगाते हैं और पूरा विपक्ष एकजुट हो जाता है. जाहिर सी बात है कि संजय सिंह बीजेपी की आंखों में खटकते हैं. इसलिए वे पूरी कोशिश करेंगे कि संजय सिंह की आवाज बंद की जाए. लेकिन इन हथकंडों, CBI, ED के दुरुपयोग, जो भी कर लें, भाजपा सरकार की वापसी मुश्किल है. सच की आवाज उठाते हुए अगर संजय सिंह सस्पेंड भी होंगे, तो कोई दुख नहीं है.
मणिपुर पर जारी है संसद में हंगामा
संजय सिंह के राज्यसभा सदन से सस्पेंशन पर AAP मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, अगर भाजपा की चले तो संजय सिंह को जेल में डाल देते. संजय सिंह संसद में विपक्ष की बुलंद आवाज हैं. वे नारा लगाते हैं और पूरा विपक्ष एकजुट हो जाता है. जाहिर सी बात है कि संजय सिंह बीजेपी की आंखों में खटकते हैं. इसलिए वे पूरी कोशिश करेंगे कि संजय सिंह की आवाज बंद की जाए. लेकिन इन हथकंडों, CBI, ED के दुरुपयोग, जो भी कर लें, भाजपा सरकार की वापसी मुश्किल है. सच की आवाज उठाते हुए अगर संजय सिंह सस्पेंड भी होंगे, तो कोई दुख नहीं है.
क्या है मामला?
दरअसल, हाल ही में मणिपुर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इसमें देखा जा सकता है कि भीड़ कुकी समुदाय की दो महिलाओं को नग्न अवस्था में सड़क पर घुमा रही है. इतना ही नहीं महिलाओं के साथ अभद्रता और रेप भी किया गया था. यह वीडियो 4 मई की घटना का बताया जा रहा है. इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मणिपुर में फिर तनाव बढ़ गया. पुलिस ने इस मामले में अब तक मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार भी किया है.
3 मई से जल रहा मणिपुर
मणिपुर में 3 मई को कुकी समुदाय की ओर से निकाले गए ‘आदिवासी एकता मार्च’ के दौरान हिंसा भड़की थी. इस दौरान कुकी और मैतेई समुदाय के बीच हिंसक झड़प हो गई थी. तब से ही वहां हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. अब तक 160 से ज्यादा लोग हिंसा में अपनी जान गंवा चुके हैं. मणिपुर की आबादी में मैतेई लोगों की संख्या लगभग 53 % है और इनमें से ज्यादातर इम्फाल घाटी में रहते हैं, जबकि 40 प्रतिशत आदिवासी हैं, जिनमें नागा और कुकी शामिल हैं और ये ज्यादातर पहाड़ी जिलों में रहते हैं.
