बांका
उत्तर प्रदेश के बरेली की रहने वाली एसडीएम ज्योति मौर्या की खबर सामने आने के बाद से देशभर से पत्नियों के पतियों को छोड़ने की कई खबरें आ चुकी हैं। ज्योति मौर्या वाले मामले के बाद कई पतियों ने पत्नियों की सरकारी नौकरी की तैयारी बंद करवाकर घर बिठा दिया है। बिहार में बांका जिले में ज्योति मौर्या से ठीक उलट मामला सामने आया है। यहां एक पति पर आरोप लगे हैं कि उसकी पत्नी ने बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर पति को सरकारी नौकरी की तैयारी करवाई। पति का बिहार सरकार में राजस्व कर्मचारी के रूप में सलेक्शन होते ही उसने पत्नी से रिश्ता खत्म कर लिया है।
पति ने पत्नी को रखने से किया इनकार
आरोप है कि पति का जैसे ही राजस्व कर्मचारी के तौर पर सलेक्शन हुआ उसके सुर बदल गए। उसने पत्नी को झिड़कना शुरू कर दिया। बात बात पर वह उसे परेशान करने लगा। पत्नी को कुछ समझ में नहीं आ रहा था कि राजस्व कर्मचारी की नौकरी लगते ही पति को क्या हो गया है। जब उसने सामने पूछा तो पति ने साफ तौर से कह दिया कि वह उसके साथ आगे का जीवन नहीं गुजारना चाहता है।
2016 में सहमति से की थी शादी
बताया जा रहा है कि बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र के बरमसिया गांव की पार्वती और बबलू उर्फ अमित दास के बीच लव अफेयर चल रहा था। 30 सितंबर 2016 को दोनों परिवारों की सहमति से अमित दास और पार्वती ने मंदिर में शादी रचाई थी। पार्वती की इच्छा थी कि उसका पति सरकारी नौकरी करे। इसके लिए उसने पति अमित से कहा कि वह वह सरकारी नौकरी की तैयारी करे, वह खुद से कमाई करके घर चला लेगी।
पति की तैयारी के लिए पत्नी ने पढ़ाए ट्यूशन
पति बेफिक्र होकर सरकारी नौकरी की तैयारी कर सके इसलिए पत्नी ने गांव में ही बच्चों को ट्यूशन पढ़ाना शुरू किया। बताया जा रहा है कि पैसों की खातिर पत्नी पार्वती कई शिफ्ट में ट्यूशन पढ़ाती थी, ताकि उससे होने वाली कमाई से पति की सरकारी नौकरी की तैयारी करवा सके और घर का खर्च भी चला सके।
सरकारी नौकरी लगते ही मांगने लगा दहेज
कुछ महीने पहले अमित दास की पोस्टिंग अररिया जिले के पलासी प्रखंड में बतौर राजस्व कर्मचारी के पद पर हो गई। अब वह कह रहा है कि 2016 में वह बेरोजगार था इसलिए मुफ्त में शादी कर ली थी। अब वह सरकारी नौकरी में है इसलिए उसे कम से कम 10 लाख रुपये नकद चाहिए। अमित ये बातें सुनकर पार्वती परेशान हो गई और उसने महिला थाने में इसकी शिकायत दी है।
पंचायत के सामने सुर बदल देता है अमित
आरोप है कि पंचायत और प्रशासन के लोगों के सामने अमित स्वीकार कर लेता है कि वह पार्वती को अपने साथ रखेगा। लेकिन पार्वती जैसे ही पति के साथ घर लौटती है वह उसे परेशान करने लगता है। आरोप है कि अमित पत्नी पार्वती के साथ मारपीट भी करता है। कहता है सरकारी नौकरी वाला दूल्हा फ्री में कहां मिलता है। साथ रहना है तो मायके से 10 लाख रुपये नकद लेकर आए।
पुलिस पार्वती को न्याय दिलाने के लिए है प्रतिबद्ध
इस मामले में महिला थानाध्यक्ष श्वेता कुमारी ने बताया कि पार्वती ने पति के खिलाफ आवेदन दिया है। उन्होंने कहा कि पहले दोनों को साथ बिठाकर काउंसलिंग कराई जाएगी। पुलिस का प्रयास होगा कि पति पत्नी के बीच सामंज्सय बिठाया जाए। लेकिन अगर अमित इसके बाद भी पार्वती को साथ रखने के लिए तैयार नहीं होता है तो जांच करने के बाद उचित कार्रवाई की प्रक्रिया का पालन किया जाएगा।
