जयपुर
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज राजस्थान के दौरे पर जा रहे हैं। इस दौरान वह सीकर में देश के 9 करोड़ किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि की राशि ट्रांसफर करेंगे। वह राजस्थान में कई विकाय योजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला भी रखेंगे। इस दौरान वह एक रैली को भी संबोधित करेंगे। पीएम मोदी के दौरे से पहले राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट कर उनके सामने कई मांगें रखी हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके कार्यक्रम में उनके भाषण को हटा दिया गया है।
अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि पीएम मोदी आज राजस्थान के दौरे पर आ रहे हैं लेकिन पीएमओ ने इस कार्यक्रम में उनके (गहलोत) भाषण को हटा दिया है। इसलिए वह ट्वीट कर अपनी बात रख रहे हैं। गहलोत ने कहा कि उनका तीन मिनट का भाषण तय था लेकिन उसे अब हटा दिया गया है। मैं भाषण के माध्यम से आपका स्वागत नहीं कर सकूंगा इसलिए यहां कर रहा हूं।
अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि 12 मेडिकल कॉलेजों के लोकार्पण और शिलान्यास राजस्थान सरकार व केन्द्र की भागीदारी का परिणाम है। इन मेडिकल कॉलेजों की परियोजना लागत 3,689 करोड़ रुपये है जिसमें 2,213 करोड़ केन्द्र का और 1,476 करोड़ राज्य सरकार का अंशदान है। मैं राज्य सरकार की ओर से भी सभी को बधाई देता हूं।
- अशोक गहलोत ने ट्वीट कर की ये मांग
- राजस्थान खासकर शेखावटी के युवाओं की मांग पर अग्निवीर स्कीम को वापस लेकर सेना में परमानेंट भर्ती पूर्ववत जारी रखी जाए।
- राज्य सरकार ने अपने अंतर्गत आने वाले सभी को-ऑपरेटिव बैंकों से 21 लाख किसानों के 15,000 करोड़ रुपये के कर्जमाफ किए हैं। हमने केन्द्र सरकार को राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्जमाफ करने के लिए वन टाइम सैटलमेंट का प्रस्ताव भेजा है जिसमें किसानों का हिस्सा हम देंगे। इस मांग को पूरा किया जाए।
- राजस्थान विधानसभा ने जातिगत जनगणना के लिए संकल्प पारित कर भेजा है। केन्द्र सरकार इस पर अविलंब निर्णय ले।
- NMC की गाइडलाइंस के कारण हमारे तीन जिलों में खोले जा रहे मेडिकल कॉलेजों में केन्द्र सरकार से कोई आर्थिक सहायता नहीं मिल रही है। ये पूरी तरह स्टेट फंडिंग से बन रहे हैं। इन आदिवासी बाहुल्य तीनों जिलों के मेडिकल कॉलेजों में भी केन्द्र सरकार 60% की फंडिंग दे।
पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ERCP) को राष्ट्रीय महत्व की परियोजना का दर्जा दिया जाए।
पीएमओ ने दिया ये जवाब
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इस पर जवाब सामने आया है। पीएमओ की ओर से सीएम अशोक गहलोत के ट्वीट का जवाब देते हुए कहा गया कि प्रोटोकॉल के अनुसार, आपको आमंत्रित किया गया है। आपका भाषण भी निर्धारित किया गया है, लेकिन आपके कार्यालय ने बताया कि आप शामिल नहीं हो पाएंगे। पीएमओ की ओर से ट्वीट में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पिछली यात्राओं के दौरान भी आपको हमेशा आमंत्रित किया गया है। आपने अपनी उपस्थिति से उन कार्यक्रमों की शोभा भी बढ़ाई है। आज के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आपका हार्दिक स्वागत है। विकास कार्यों की पट्टिका पर भी आपका नाम है। अगर आपको हाल ही में लगी चोट के कारण कोई शारीरिक परेशानी न हो, तो आपकी उपस्थिति को बहुत महत्व रखेगी।
