गुना,
गुना जिले में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. जंजाल-मधुसूदनगढ़ के रास्ते पर दो मोटरसाइकिलों की आप में भिड़ंत होने से मामा-भांजे समेत 3 लोगों की मौत हो गई. हादसे की वजह कोहरा बताया जा रहा है. हादसे के दौरान किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था. राघोगढ़ थाना क्षेत्र में हादसे के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार, रोहित नाम का युवक आने तीन अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिल से कमलपुरा गांव जा रहा था. कमलपुरा गांव में रोहित की ससुराल है. वहीं, दूसरी मोटरसाइकिल पर संजू बघेल दो अन्य लोगों के साथ मोटरसाइकिल से राघोगढ़ जा रहा था. इसी दौरान पीपलखेड़ी के पास दोनों बाइक आपस में भिड़ गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिलों के परखच्चे उड़ गए.
हादसे में मामा भांजे संजू बघेल व होकम बघेल समेत रोहित की मौत हो गई. मोटरसाइकिलों पर सवार चार अन्य लोग घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सब इंस्पेक्टर गजेंद्र बुंदेला ने बताया कि घने कोहरे के कारण मोटरसाइकिल सवार आपस में भिड़ गए. हादसे में 3 लोगों की मौउत हो गई. यदि हेलमेट पहने होते तो जान बच सकती थी.
बता दें कि गुना में लगातार हो रहे हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. 26 दिसंबर को कार पर ट्रक पलटने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई थी. 27 दिसंबर को बस हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी. अब मोटरसाइकिलों की टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई. पिछले एक हफ्ते में 20 लोगों की मौत हो चुकी है.
