जयपुर
बीजेपी हाईकमान के निर्देश पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहनलाल यादव ने सोमवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया। इस सियासी घटनाक्रम को लेकर अब राजस्थान की सियासत में भी हलचल मच गई है। मध्य प्रदेश में हुए सियासी बदलाव को अब राजस्थान की सियासत से भी जोड़ा जा रहा है। राजस्थान में 10 जुलाई यानी कल भजनलाल सरकार अपना पूर्णकालिक बजट पेश करेगी। इसके बाद माना जा रहा है कि प्रदेश की कैबिनेट में भी बदलाव हो सकता है। सियासी चर्चा है कि पार्टी हाई कमान के निर्देश पर बजट सत्र के बाद राजस्थान में भी सरकार में बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। लिहाजा राजनीतिक जानकार भी इसकी व्याख्या करने में जुट गए हैं।
मध्य प्रदेश के सियासी घटनाक्रम से राजस्थान में भी पारा चढ़ा
राजस्थान में कई दिनों से मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर चर्चाएं जोरों से चल रही है। इस बात को मध्य प्रदेश के मंत्रिमंडल में विस्तार के बाद और बल मिल गया है। सियासी जानकार लोगों का मानना है कि बजट सत्र के बाद भजनलाल सरकार के मंत्रिमंडल में भी फेरबदल हो सकता है। इधर, किरोड़ी लाल मीणा के इस्तीफा देने के बाद से राजस्थान के सियासत में पारा चढ़ा हुआ है। सियासत में चर्चा है कि क्या किरोड़ी लाल मीणा का इस्तीफा स्वीकार किया जाएगा या नहीं? इसको लेकर भी सरकार बजट पेश होने के बाद स्थिति साफ कर सकती है।
मंत्रियों की परफॉर्मेंस के आधार पर होगा चयन
मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल में बदलाव होने के बाद अब राजस्थान की सियासत में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। सियासी सूत्रों की मानें तो अब जो मंत्रिमंडल में फेरबदल होगा, वह मंत्रियों की परफॉर्मेंस के आधार पर होगा। इस दौरान 7 माह के कार्यकाल के दौरान जिन मंत्रियों की परफॉर्मेंस खराब रही है, उन्हें बदला जा सकता है। इसके अलावा इस बार मंत्रिमंडल में नए विधायकों को भी मौका मिल सकता है। चर्चा है कि कुछ मंत्रियों की खराब परफॉर्मेंस को लेकर दिल्ली में समीक्षा की जा रही है। इन पर फैसला होने के बाद हाई कमान के निर्देश पर मुख्यमंत्री भजनलाल अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल कर सकते हैं।
करीब ढाई दर्जन के आसपास बन सकते हैं मंत्री
सियासी सूत्रों के अनुसार कुछ मंत्रियों की परफॉर्मेंस खराब होने के चलते उन्हें बदलने के कयास है। इनमें 3 से 4 मंत्रियों की परफॉर्मेंस खराब मानी जा रही है। यदि मुख्यमंत्री भजनलाल अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल करते हैं, तो हाई कमान के निर्देश पर इन मंत्रियों को बदला जा सकता है। इसके अलावा कुछ मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव किए जाने की संभावना है। ऐसी स्थिति में अब नए मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 30 मंत्री बनने की संभावना बताई जा रही हैं। अभी मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री के साथ 24 मंत्री है, यानी अगर ऐसा हुआ, तो कुछ और विधायकों के मंत्री पद की लॉटरी लग सकती है।
