मास्को
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध लगातार बढ़ता ही जा रहा है। ताजा हमले में यूक्रेन की सेना ने रूस के कजान शहर में विस्फोटकों से भरे ड्रोन से भीषण हमला बोला है। बताया जा रहा है कि यूक्रेन के 8 विस्फोटक ड्रोन विमानों ने रूस के कजान शहर में हमला किया। यह वही शहर है जहां पिछले दिनों ब्रिक्स देशों की शिखर बैठक हुई थी और भारत के पीएम मोदी समेत दुनिया के कई नेता पहुंचे थे। अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं आई है लेकिन इमारतों को काफी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय सरकार का कहना है कि सभी उद्योगों के वर्कर्स को खाली करा लिया गया है और उन्हें अस्थायी शिविरों में रखा गया है। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं।
रूसी समाचार एजेंसी तास की रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेन के ड्रोन हमले से टटारस्तान प्रांत की राजधानी में 3 इमारतों को नुकसान पहुंचा है। इस हमले के बाद वहां से भी लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। स्थानीय प्राधिकरण ने लोगों को खाना और कपड़े दिए हैं। इससे पहले रूस ने शुक्रवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि नौ अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दूसरी ओर, रूस ने कहा कि यूक्रेन के हमले के जवाब में यह कार्रवाई की गई है।
BREAKING | 9/11-style attack in Kazan, Russia
Ukrainian drone crashes into a multi-story building. #UkraineRussiaWar #RussiaUkraineWar pic.twitter.com/NlhjdK5a5d
— Organiser Weekly (@eOrganiser) December 21, 2024
कीव में सूर्योदय से ठीक पहले कम से कम तीन धमाकों की आवाज सुनाई दी। मिसाइल हमले से तीन जिलों में नुकसान हुआ और आग लग गई। शहर के प्रशासन ने यह जानकारी दी। प्रशासन ने कहा कि इस हमले में 630 आवासीय इमारतों, 16 चिकित्सा केंद्रों और 30 स्कूलों को नुकसान हुआ। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह हमला दो दिन पहले रोस्तोव सीमा क्षेत्र पर यूक्रेनी मिसाइल हमले के जवाब में किया गया। रूस के अनुसार, यूक्रेन ने हमले में अमेरिका में निर्मित छह ‘आर्मी टैक्टिकल मिसाइल सिस्टम” मिसाइलों और ब्रिटेन से मिलीं चार ‘स्टॉर्म शैडो एयर-लॉन्च’ मिसाइलों का इस्तेमाल किया था।
