भोपाल
नरेला विधानसभा के वार्ड-71 स्थित गुप्ता कॉलोनी में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और निर्माण को लेकर शनिवार को मंत्री विश्वास सारंग नाराज हो गए। उन्होंने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और अवैध निर्माण को तत्काल तोड़ने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने एडीएम सुमित पांडे को मौके पर बुलाकर पूछा कि सरकारी जमीन पर बिल्डिंग कैसे बन गई। उन्होंने निर्देश दिए कि अवैध निर्माण को तुरंत हटाया जाए। साथ ही तहसीलदार करुणा दंडोतिया को नोटिस जारी करने की बात भी कही। मंत्री सारंग ने नरेला विधानसभा के वार्ड नंबर 69, 70 और 71 का दौरा कर सरकारी जमीन से अवैध कब्जे, मदरसे, फैक्ट्री और मांस की दुकानों को हटाने के निर्देश दिए। क्षेत्र के लोगों ने अतिक्रमण को लेकर शिकायतें की थीं, जिसके बाद मंत्री स्वयं अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
अतिक्रमण को लेकर जताई नाराजगी निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने शासकीय भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने नगर निगम, राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिक्रमण कर बनाए गए स्थानों को पेयजल, बिजली सहित किसी भी प्रकार के शासकीय कनेक्शन न दिए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे स्थानों को पहले से कनेक्शन दिए गए हैं तो उन्हें तत्काल हटाया जाए और यह भी जांच की जाए कि किन अधिकारियों की अनुमति से यह कनेक्शन दिए गए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकारी जमीन पर कब्जा किसी हाल में बर्दाश्त नहीं मंत्री सारंग ने गुप्ता कॉलोनी, सुभाष कॉलोनी, शहंशाह गार्डन और अशोका गार्डन क्षेत्र में भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रहवासियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। निरीक्षण में कई स्थानों पर शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा और बिना अनुमति के गतिविधियां संचालित होने की जानकारी सामने आई।
Read Also :- एम्पलायर्स पेंशन 1995 समन्वय समिति की बैठक गोवा में, ईपीएफओ दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन की भरी हुंकार
