भोपाल।
राजधानी भोपाल के स्मार्ट सिटी रोड पर हवाला के 55 लाख रुपए लूटने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 35 लाख रुपए नकद, दो बाइक, एक एक्सेस स्कूटी, एक ऑटो और 9 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में फरार आरोपियों और शेष रकम की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार इस वारदात की साजिश एक अकाउंटेंट ने रची थी। बताया जा रहा है कि वह ऑनलाइन सट्टे के कारण कर्ज में डूब गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हवाला की रकम ले जाने वालों को निशाना बनाया और लूट की पूरी योजना तैयार की।
जानकारी के मुताबिक श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र में 7 मार्च की रात करीब 9:30 बजे स्मार्ट सिटी रोड पर दो बदमाशों ने वाहन रोककर चाकू की नोक पर बैग छीन लिया था। बैग में 55 लाख 50 हजार रुपए रखे हुए थे। यह रकम हवाला के जरिए ले जाई जा रही थी। इस मामले में चुनाभट्टी निवासी दिव्यांग बरोट ने 8 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले से रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
Read Also :- नंबर टू उद्योगपति लेंगे राजधानी की सबसे कीमती जमीन, भेल का भी नंबर लग सकता है!
