भोपाल
राजधानी में सरकारी दफ्तरों को धमकी भरे ई-मेल मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला एमपी नगर स्थित नापतौल विभाग के कार्यालय का है, जिसे एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी दी गई। मंगलवार को आए इस ई-मेल में सनसनीखेज दावा किया गया कि कार्यालय में ड्रोन के जरिए चार छोटे आरडीएक्स बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 2 बजे फटेंगे। मेल में सुरक्षा की दृष्टि से सभी कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकालने की चेतावनी भी दी गई थी। सूचना मिलते ही एमपी नगर थाना पुलिस और बम स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की सघन तलाशी ली, हालांकि जांच के बाद यह धमकी फर्जी निकली।
Read Also: दृष्टिबाधित बच्चों की मदद को आगे आया बीएचईएल लेडीज क्लब, खाद्य सामग्री की भेंट
एमपी नगर थाना प्रभारी जय हिंद शर्मा ने बताया कि ई-मेल की सूचना के बाद सुरक्षा के लिहाज से कर्मचारियों को कार्यालय से बाहर कर दिया गया था और पूरी सर्चिंग कराई गई, लेकिन मौके पर कोई भी संदिग्ध वस्तु प्राप्त नहीं हुई। गौरतलब है कि इसी कार्यालय में एक दिन पहले भी इसी तरह का एक ई-मेल आया था, जिसमें पुलिस की तलाशी तकनीकों की ‘परीक्षा’ लेने की बात कही गई थी। पुलिस अब इन धमकी भरे संदेशों को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी जांच कर रही है। साइबर सेल की मदद से ई-मेल भेजने वाले के आईपी एड्रेस और पहचान को सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि इस तरह की अफवाह फैलाने वाले शरारती तत्व को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
