भोपाल
राजधानी के अयोध्या बायपास को 10 लेन में बदलने के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के तहत केसर बस्ती की करीब 90 झुग्गियों को हटाने के नोटिस मिलने पर गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। विस्थापन और मुआवजे की स्पष्ट व्यवस्था न होने से नाराज बस्तीवासी सड़क पर उतर आए और करीब एक घंटे तक चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शनकारी महिला-पुरुष हाथों में लट्ठ लेकर राहगीरों के पीछे दौड़ पड़े और सड़क पर पत्थर रखकर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया।
Read Also: दृष्टिबाधित बच्चों की मदद को आगे आया बीएचईएल लेडीज क्लब, खाद्य सामग्री की भेंट
सूचना मिलते ही अयोध्या नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर सड़क से हटाया। एसडीएम गोविंदपुरा भुवन गुप्ता के अनुसार, एनएच-146 पर आशाराम तिराहा से रत्नागिरी तिराहे तक 16 किलोमीटर लंबी सड़क और फ्लाईओवर निर्माण के लिए इन झुग्गियों को हटाया जाना अनिवार्य है, जिसके लिए पूर्व में दो बार नोटिस दिए जा चुके हैं। प्रभावित परिवारों की मांग है कि कार्रवाई से पहले उनके पुनर्वास और उचित मुआवजे की ठोस व्यवस्था की जाए। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद यातायात बहाल कर दिया गया है।
