भोपाल। राजधानी के गौतम नगर थाना क्षेत्र स्थित प्राइड होटल में रविवार को एक युवक और युवती के साथ हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा की गई मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के विरोध में मंगलवार को मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की। समाजजनों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो पूरा भोपाल बंद किया जाएगा।
बीते रविवार को हिंदू संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने होटल में ठहरे एक युवक (आरिफ खान) को पकड़कर उसके साथ मारपीट की थी। कार्यकर्ताओं ने युवक के चेहरे पर स्याही और गोबर पोत दिया और उसे अर्धनग्न कर पीटा। हालांकि, मामले में ट्विस्ट तब आया जब साथ मौजूद युवती ने पुलिस को बताया कि वह पिछले पांच साल से आरिफ के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है और उसके साथ कोई जबरदस्ती नहीं हुई है। युवती ने युवक के खिलाफ किसी भी तरह की कानूनी कार्यवाही से इनकार कर दिया है। मंगलवार को मुस्लिम समाज के लोग काजियात में इकट्ठा हुए, जहाँ शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने समाजजनों को संबोधित किया।
समाज का आरोप है कि मारपीट के दौरान न केवल कानून को हाथ में लिया गया, बल्कि बेहद आपत्तिजनक और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का उपयोग किया गया। प्रदर्शन के दौरान विधायक आरिफ मसूद, आतिफ अकील और एआईएमआईएम के मोहसिन अली भी मौजूद रहे। काजियात से निकलकर समाजजन पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। समाज के प्रतिनिधि अरबाज मिर्जा ने कहा कि जिस तरह युवक का जुलूस निकाला गया, उसी तरह पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका जुलूस निकाले। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल ने समाज में गहरी नाराजगी पैदा की है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच और नियमानुसार कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
