गुवाहाटी। हिमंता बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री बने हैं। असम के गवर्नर लक्ष्मण आचार्य ने गुवाहाटी के खानापारा वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड में उन्हें पद और गोपनियता की शपथ दिलाई। हिमंता के अलावा 4 विधायकों भाजपा के रामेश्वर तेली, अजंता नेओम, AGP के अतुल बोरा, BPF के चरण बोरो ने मंत्री पद की शपथ ली है। इनमें दो बीजेपी और 2 सहयोगी दलों से हैं। शपथ कार्यक्रम में पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत बीजेपी-NDA शासित राज्यों के सीएम और कई केंद्रीय मंत्री मौजूद रहे। हिमंता का पूरा परिवार भी कार्यक्रम में मौजूद रहा।
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद बोले- आज हमारे लिए बड़ा दिन
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि लगातार तीसरी बार बीजेपी-NDA की सरकार बनने जा रही है। यह हमारे लिए एक बड़ा दिन है। असम की जनता और NDA के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन है। इस ऐतिहासिक अवसर का गवाह बनने के लिए पूरे राज्य से लोग यहां आए हैं।
त्रिपुरा सीएम बोले- हिमंता असम को विकास की राह पर ले जाएंगे
त्रिपुरा के CM माणिक साहा ने कहा कि असम में भाजपा की सरकार बनने पर हम बहुत खुश हैं। BJP-NDA ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में चुनाव जीते हैं। हिमंता बिस्वा सरमा असम को विकास की राह पर आगे ले जाएंगे।
यूपी के डिप्टी सीएम बोले- सरमा के नेतृत्व में NDA सरकार बनी
गुवाहाटी में हिमंता बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचे यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- असम और UP की जनता बहुत खुश है क्योंकि डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम में NDA सरकार बनी है। BJP राज्य के समग्र विकास के लिए काम करती है।
