भोपाल। राजधानी के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक रिटायर्ड महिला जज की 31 वर्षीय गर्भवती बहू, ट्विशा शर्मा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से ही क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। मृतक ट्विशा के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का मामला बताया है। नोएडा की रहने वाली ट्विशा की शादी करीब एक साल पहले भोपाल निवासी वकील सामर्थ शर्मा से हुई थी।
ट्विशा के भाई हर्षित शर्मा, जो भारतीय सेना में मेजर हैं, ने बताया कि मंगलवार रात ट्विशा ने उन्हें फोन कर अपनी व्यथा सुनाई थी। ट्विशा ने कहा था कि उसका पति पिछले आठ दिनों से उसे छोटी-छोटी बातों पर अपमानित और प्रताड़ित कर रहा है। वह मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर भोपाल छोड़कर वापस नोएडा लौटने की तैयारी में थी और उसने अपना रिजर्वेशन भी करा लिया था, लेकिन सफर से पहले ही उसकी मौत की खबर आ गई। परिजनों का आरोप है कि नौकरी छोड़ने के बाद ट्विशा को “नाकारा” कहकर ताने दिए जाते थे। इसके अलावा, मार्च में हुई अनप्लांड प्रेग्नेंसी को लेकर भी घर में भारी तनाव था।
भाई हर्षित के अनुसार, ट्विशा अभी बच्चे के लिए तैयार नहीं थी, जबकि ससुराल पक्ष उस पर दबाव बना रहा था। आरोप है कि पति उसकी गरिमा पर सवाल उठाते हुए उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। मायके पक्ष ने शव के हाथ और कान पर नीले निशान होने का दावा करते हुए मारपीट की आशंका भी जताई है।
