भोपाल। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएससी) ने बुधवार दोपहर करीब 1:50 बजे कक्षा 12वीं की वार्षिक परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। परिणाम जारी होते ही भोपाल के 9,399 और मध्य प्रदेश के कुल 80,454 विद्यार्थियों सहित देशभर के लाखों छात्रों का इंतजार खत्म हो गया। राजधानी के विभिन्न स्कूलों में परिणाम आते ही उत्साह का माहौल देखा गया और छात्र अपनी सफलता का जश्न मनाते नजर आए।
सीबीएसई ने तकनीकी दिक्कतों और वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक से बचने के लिए इस बार विशेष पुख्ता इंतजाम किए थे। छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के अलावा डीजी लॉकर और उमंग एप पर भी अपना रिजल्ट देख सकते हैं। परिणाम चेक करने के लिए विद्यार्थियों को अपने रोल नंबर, स्कूल नंबर, एडमिट कार्ड आईडी और जन्मतिथि का उपयोग करना होगा। बोर्ड ने उन छात्रों के लिए भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं जो अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं।
ऐसे विद्यार्थी री-इवैल्यूएशन (पुनर्मूल्यांकन) और अपनी उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी प्राप्त करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकेंगे। वहीं, जो छात्र एक या अधिक विषयों में सफल नहीं हो पाए हैं, उन्हें बोर्ड ने निराश न होने की सलाह देते हुए कंपार्टमेंट परीक्षा के माध्यम से सुधार का एक और अवसर देने की घोषणा की है। डिजिटल मार्कशीट की उपलब्धता से छात्रों को कॉलेज में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू करने में भी आसानी होगी।
