भोपाल। जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर में ज्येष्ठ मास के कृष्ण पक्ष की पावन ‘अपरा एकादशी’ बुधवार को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ मनाई गई। इस वर्ष एकादशी पर प्रीति, बुद्धादित्य, आदित्य मंगल, सर्वार्थ सिद्धि एवं अमृत सिद्धि योग जैसे पाँच शुभ योगों का दुर्लभ संयोग बना, जिससे इस तिथि का आध्यात्मिक महत्व कई गुना बढ़ गया। इस विशेष अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से ही आस्था और भक्ति का अनूठा वातावरण देखने को मिला। शुभ मुहूर्त में भगवान श्री विष्णु एवं श्रीकृष्ण की विशेष पूजा-अर्चना वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई।
भीषण गर्मी को देखते हुए मंदिर प्रबंधन द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गईं, जिसके अंतर्गत भगवान को ऋतु फलों के रस, शीतल भोग एवं सत्तू का नैवेद्य अर्पित किया गया। पूजन के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में सत्तू का वितरण किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के क्रम में पंडित राजेंद्र पलिया द्वारा श्रीसूक्त एवं विष्णु सहस्रनाम का पाठ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने तन्मयता से सहभागिता की। धार्मिक मान्यता के अनुसार, अपरा एकादशी का व्रत समस्त पापों का नाश कर पुण्य, सुख और शांति प्रदान करने वाला माना जाता है।
पुराणों में वर्णित है कि नियमपूर्वक किया गया यह व्रत जीवन में आध्यात्मिक उन्नति और लोक-परलोक के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है। मंदिर समिति ने बताया कि इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन लाभ लेकर भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त की।
