भोपाल। राजधानी के करोंद इलाके में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब पीपुल्स हॉस्पिटल के सामने स्थित एक चार मंजिला व्यावसायिक बिल्डिंग के फर्स्ट फ्लोर पर भीषण आग लग गई। इस बिल्डिंग में प्रसिद्ध फूड चेन KFC का आउटलेट और क्रोमा का इलेक्ट्रॉनिक शोरूम संचालित है। आग की ऊंची लपटें और काला धुआं देखकर आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि घटना के समय बिल्डिंग में अधिक भीड़ नहीं थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
नगर निगम के फायर प्रभारी सौरभ पटेल के अनुसार, आग की शुरुआत बिल्डिंग में स्थित क्रोमा शोरूम के पास रखे जनरेटर से हुई। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। जनरेटर से उठी लपटों ने जल्द ही पास में लगे एयर कंडीशनर और फर्नीचर को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, दमकल विभाग ने स्पष्ट किया है कि केएफसी आउटलेट को कोई सीधा नुकसान नहीं पहुंचा है, लेकिन बिल्डिंग के बाहरी हिस्से और उपकरणों को भारी क्षति हुई है।
आग लगने की सूचना मिलते ही सबसे पहले पास स्थित पीपुल्स हॉस्पिटल की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में नगर निगम की दमकलें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। दोनों टीमों ने मिलकर करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे इसे ऊपर की मंजिलों तक फैलने से रोक लिया गया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
