भोपाल। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा अपनी क्रय प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, दक्षता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। भोपाल स्थित पावर डिस्ट्रीब्यूशन ट्रेनिंग सेंटर में शुक्रवार को एक ‘वेण्डर मीट’ का आयोजन किया गया। इस बैठक में पावर ट्रांसफार्मर, स्ट्रेन हार्डवेयर एवं इंसुलेटर सामग्री से जुड़े विभिन्न मौजूदा और नए वेण्डर्स व कॉन्ट्रैक्टर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक के दौरान कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों और वेण्डर्स के बीच सीधा संवाद स्थापित किया गया।
इसमें निदेशक (वाणिज्य एवं तकनीकी) सुधीर कुमार श्रीवास्तव, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) डॉ. राकेश शर्मा, मुख्य वित्तीय अधिकारी अखिलेश कुमार पाण्डेय, निदेशक (पीडीटीसी) अनिल कुमार खत्री, मुख्य महाप्रबंधक (क्रय) सुश्री मनीषा मेश्राम एवं मुख्य महाप्रबंधक (परियोजना) श्रीमती अमिता तिवारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने वेण्डर्स के साथ क्रय प्रक्रिया, गुणवत्ता मानकों, सामग्री आपूर्ति, तकनीकी आवश्यकताओं एवं निविदा संबंधी प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा की।
साथ ही, वेण्डर्स की शिकायतों के त्वरित निराकरण और उनके सुझावों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर निदेशक (वाणिज्य एवं तकनीकी) सुधीर कुमार श्रीवास्तव ने संबोधित करते हुए कहा कि कंपनी उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस लक्ष्य की प्राप्ति हेतु क्रय प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ाने के साथ-साथ वेण्डर्स के लिए अधिक सरल, सुगम एवं प्रभावी व्यवस्था बनाई गई है, जिससे सभी कार्यों का निष्पादन समयबद्ध और बेहतर तरीके से किया जा सके।
