भोपाल। राजधानी के रंगमंच से अपने अभिनय सफर की शुरुआत करने वाले अभिनेता उदय अठरौलिया इन दिनों अपनी आगामी फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने फिल्म भड़िया की शूटिंग पूरी की है, जबकि दूसरी फिल्म काला हिरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रहे हैं। दोनों फिल्मों में उनके किरदार एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं, जिससे दर्शकों को उनके अभिनय के विभिन्न आयाम देखने को मिलेंगे। उदय अठरौलिया ने बताया कि फिल्म ‘भड़िया’ एक इंडिपेंडेंट प्रोजेक्ट है, जिसकी शूटिंग चंबल के बीहड़ों में की गई है।
फिल्म में उन्होंने चोरों के एक प्रभावशाली सरगना ‘लंबरदार’ का किरदार निभाया है। कहानी पुरानी और नई पीढ़ी के संघर्ष पर आधारित है, जिसमें उनका पोता चोरी की परंपरा छोड़कर मुंबई में अपनी अलग पहचान बनाने का प्रयास करता है। फिल्म में पारिवारिक रिश्तों, अपराध और बदलते सामाजिक मूल्यों को प्रमुखता से दिखाया गया है। फिल्म का निर्देशन प्रमोद पाराशर ने किया है। इसमें दीपराज राणा, विक्रम कोचर और अंशुमन झा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। बुंदेलखंड की पारंपरिक ‘राई’ लोकसंस्कृति को भी फिल्म में वास्तविक रूप में प्रस्तुत किया गया है। वर्तमान में फिल्म की डबिंग का काम जारी है और इसे जनवरी में रिलीज करने की तैयारी चल रही है।
वहीं फिल्म ‘काला हिरण’ में उदय डीएसपी जोशी की भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म एक चर्चित वास्तविक घटना से प्रेरित बताई जा रही है, जिसमें एक ईमानदार पुलिस अधिकारी के संघर्ष को दर्शाया गया है। फिल्म की शूटिंग जैसलमेर में की गई है, हालांकि फिलहाल यह प्रोजेक्ट कानूनी विवादों के कारण चर्चा में है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिनेता सलमान खान की ओर से फिल्म के निर्माण और प्रचार-प्रसार को लेकर कानूनी नोटिस भेजा गया है। उदय ने बताया कि इसके अलावा उन्होंने एक ओटीटी प्लेटफॉर्म के लिए नई फिल्म भी साइन की है, जिसका नाम अभी तय नहीं हुआ है। हाल ही में वे एक प्रमुख ब्रांड के विज्ञापन में भी नजर आए, जिसमें आधुनिक पारिवारिक रिश्तों और भावनात्मक दूरियों को दर्शाया गया है।
