भोपाल। भोपाल मेट्रो के प्रायोरिटी कॉरिडोर में बने सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन को रेलवे ट्रैक के ऊपर बनने वाले फुटओवर ब्रिज (एफओबी) के जरिए सीधे रहवासी क्षेत्रों से जोड़ा जाएगा। इसके निर्माण के बाद सुभाष नगर और आसपास के करीब एक लाख लोगों को मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। मेट्रो प्रबंधन प्रायोरिटी कॉरिडोर के शेष कार्यों को अंतिम रूप देने के साथ ही कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (सीएमआरएस) को दोबारा निरीक्षण के लिए आमंत्रित करने की तैयारी कर रहा है।
सुभाष नगर से एम्स तक 6.22 किलोमीटर लंबे प्रायोरिटी कॉरिडोर में आठ स्टेशन बनाए गए हैं, जिनमें से अधिकांश स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट तैयार हो चुके हैं, जबकि सुभाष नगर और रानी कमलापति स्टेशन पर अतिरिक्त प्रवेश-निकास द्वारों का कार्य अंतिम चरण में है। रेलवे ट्रैक के ऊपर बनने वाला 40 मीटर लंबा और लगभग 10 मीटर ऊंचा एफओबी दिल्ली मेट्रो की तर्ज पर तैयार किया जाएगा।
इसके लिए मेट्रो रेल निगम ने रेलवे से आवश्यक भूमि भी प्राप्त कर ली है। इस पुल के माध्यम से आसपास की कॉलोनियों के निवासी सीधे स्टेशन की पहली मंजिल तक पहुंच सकेंगे। वहीं रानी कमलापति रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशन के बीच 70 मीटर लंबा स्काय वॉक भी तैयार हो चुका है, जिससे यात्रियों को दोनों परिवहन व्यवस्थाओं के बीच सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। मेट्रो प्रबंधन का मानना है कि बेहतर कनेक्टिविटी से यात्रियों की संख्या बढ़ेगी और लोगों को सार्वजनिक परिवहन का अधिक लाभ मिल सकेगा।
