भोपाल। राजधानी के लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई ) कार्यालय के सामने नियुक्ति की मांग को लेकर धरना दे रहे वर्ग-2 के चयनित अभ्यर्थियों के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। गोविंदपुरा थाना पुलिस ने मंगलवार रात को प्रदर्शन में शामिल इंदौर के दो कोचिंग शिक्षकों दिनेश ठाकुर और राकेश काकोरिया के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।
थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि डीपीआई कमिश्नर की लिखित शिकायत के बाद दोनों नामजद आरोपियों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि अपनी जॉइनिंग की मांग को लेकर प्रदेशभर से आए सैकड़ों चयनित अभ्यर्थियों ने डीपीआई का घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया था। यह पूरा विवाद माध्यमिक शिक्षकों के 10,700 पदों की भर्ती से जुड़ा है, जिसमें दस्तावेज सत्यापन के बाद भी लगभग 4,000 अभ्यर्थी जॉइनिंग के लिए भटक रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्ष 2022 में नोटिफिकेशन जारी होने के बाद अप्रैल 2025 में चयन परीक्षा हुई और सितंबर 2025 में परिणाम आया।
चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया पूरी हुए भी 6 महीने से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक नियुक्ति पत्र नहीं मिले हैं। प्रदर्शन में छतरपुर, सिवनी, नीमच, गुना सहित कई जिलों से आए अभ्यर्थियों ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री के आश्वासन के बाद भी नए सत्र में जॉइनिंग नहीं दी गई। कई अभ्यर्थी अपनी आयु सीमा पार कर रहे हैं तो कई निजी नौकरियां छोड़ चुके हैं। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उन्हें जॉइनिंग लेटर नहीं मिलता, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
