भोपाल। राजधानी में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के बंगले पर प्रतिदिन आयोजित होने वाले जनदर्शन कार्यक्रम में उस समय स्थिति गरमा गई, जब पेंशन न मिलने से परेशान कुछ महिलाएं अपनी शिकायत लेकर पहुंचीं। नरेला विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-59 (अन्ना नगर) की निवासी मंदा सोनवानी, सहला सेनवानी, सुशीला विश्वकर्मा और सोमा सुरेश ने मंत्री को अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि वे सभी पात्र हितग्राही हैं, इसके बावजूद उन्हें लंबे समय से पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि पूर्व में कई बार प्रशासनिक स्तर पर गुहार लगाने के बाद भी उनकी इस समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री विश्वास सारंग ने तत्काल संज्ञान लिया और मौके पर ही वार्ड क्रमांक-59 के प्रभारी रमीजुद्दीन को तलब किया। मंत्री ने जनहित के कार्य में ढिलाई बरतने पर वार्ड प्रभारी को कड़ी फटकार लगाई और निर्देशित किया कि सभी पात्र महिलाओं की कागजी प्रक्रिया को तुरंत दुरुस्त कर उनकी पेंशन संबंधी समस्या का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ा संदेश देते हुए मंत्री सारंग ने स्पष्ट कहा कि जनहित और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या लेती-देती कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को शासन की जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के सख्त निर्देश दिए।
