– भेल दशहरा मैदान पर चल रही श्रीमद् भागवत कथा में जया किशोरी ने बताया
भोपाल
राजधानी के भेल दशहरा मैदान पर चल रही श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन युवाओं की आइकॉन, मोटिवेशनल स्पीकर और भगवताचार्य जया किशोरी ने भक्त प्रहलाद की कथा सुनाते हुए बताया कि जब प्रहलाद भगवान से मिले तो उन्हें बताया कि पांच वर्ष की आयु में हमारा बंधन रूपी मोह-माया रूपी पांच विवाह हो चुका है, मैं चाहकर भी इनसे छुटकारा नहीं पा सकता। इस पर भवान कहते हैं कि तुम भोग का उपयोग वर्षों से कर रहे हो। इस पर भगवान कहते हैं कि कोई चीज छोडऩी है, तो उसका त्याग करना चाहिए।
कथा के दौरान बताया कि नारद जी और युधिष्ठिर के बीच चर्चा में नारद जी ने धर्म के पांच लक्षण बताए। इसमें सत्य, दया, पवित्रता, तपस्या और दीक्षा। इस दौरान जया किशोरी ने कहा कि किसी को कुछ कहने से पहले 100 बार सोचना चाहिए। जो बात खुद को अच्छी न लगे वह दूसरों को न कहें। विश्वास सबसे बड़ी चीज होती है। यदि आप किसी बात को विश्वास से कहते हैं और भरोसा रखते हैं तो उसे पूरा करने का काम भगवान का होता है।
जया किशोरी ने भागवत कथा का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि राज परीक्षित सुकदेव जी से पूछते हैं कि भगवान ने क्या किसी पशु को दर्शन दिए हैं। इस पर सुकदेव जी गजेंद्र और ग्राह की कथा सुनाते हुए बताते हैं कि जब जल में गजेंद्र को ग्राह पकड़ लेता है और वह डूबने लगते तो भाई बंधु, सखा सभा को पुकारते हैं पर कोई उनकी मदद को नहीं आता, तब वे भगवान को पुकारते हैं। इस पर भगवान आकर ग्राह को मारकर गजेंद्र की रक्षा करते हैं।
जया किशोरी ने समुद्र मंथन की कथा सुनाते हुए बताया कि दुर्वासा ऋषि के श्राप से दैत्य इंद्र का सिंहासन छीन लेेते हैं। पुन: उसे वापस दिलाने के लिए भगवान समुद्र मंथन करते हैं। इस दौरान दैत्यों को छलने के लिए मोहिनी अवतार लिया। इसके माध्यम से संदेश दिया कि सुंदरता के पीछे मत भागों, गुणों के पीछे भागो। सुंदरता के पीछे भागोगे तो अमृत छूट जाएगा। इसके बाद राहु-केतु और बामन अवतार की कथा सुनाते हुए बताया कि भगवान राजा बलि से तीन पग जमीन मांगते हैं, तो राजा बलि वचन दे देते हैं। यह बात शुक्राचार्य को पता चलता है तो वह मना करते हैं। इस पर राजा बलि कहते हैं कि वचन दे चुके हैं और दूसरी बात की भगवान स्वंय मांगने आए हैं। इस पर भगवान बामन दो पग में आकाश पाताल नाप लेते हैं और पूंछते हैं कि तीसरा पग कहां रखूं तो राजा बलि अपना शरीर दान कर देते हैं।
इसके बाद भगवान राम की कथा सुनाते हुए बताया कि राजा दशरथ की तीनों रानियों से राम, लक्ष्मण, भरत और सत्रुघ्र जन्म लेते हैँ। कथा में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की कथा सुनाई। इसके बाद नंदोत्सव मनाते हुए जेल में जन्मे कृष्ण कन्हैया बहुत बधाई हो की सुमधुर भजनों से कथा स्थल पर मौजूद श्रद्धालु भक्ति नृत्य करने लगे।
कथा में मुख्य यजमान शुभावती-हीरा प्रसाद यादव और निशा-सुनील यादव रहे। बुधवार को कथा सुनने चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, कृषि मंत्री कमल पटेल, महापौर मालती राय, मेला संयोजक अंजली विकास वीरानी, महामंत्री हरीश कुमार राम, राजेंद्र सिंह यादव, पार्षद अशोक वाणी, सूर्यकांत गुप्ता, सुनील उपाध्याय के साथ ही मेला समिति से शैलेंद्र सिंह जाट, मो. जाहिद खान, दीपक शर्मा, अखिलेश नागर, महेंद्र नामदेव, इंद्रजीत, रेहान खान, विनय सिंह, केश कुमार शाह, चंदन वर्मा, संदीप, राहुल बांके सहित बड़ी संख्या मेंं श्रद्धालु मौजूद रहे। कथा रोजाना दोपहर बाद 2 बजे से की जा रही है। कथा के बाद श्रद्धालुओं को अलग-अलग प्रसादी का वितरण किया जाएगा।
