छतरपुर ,
मध्यप्रदेश के छतरपुर में ठंड का सितम लगातार जारी है. ऐसे में ठंड से राहत पाने के लिए जिले के नौगांव में कॉक्स डिस्टिलरी के 5 कर्मचारी कमरे के अंदर सिगड़ी जलाकर सो गए और धुएं के कारण दम घुटने की वजह से 2 कर्मचारियों की मौत हो गई. वहीं, तीन कर्मचारी अभी भी बेहोश बने हुए हैं.
घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन की टीम को सुबह 10:30 बजे लगी. मौके पर पहुंची टीम ने दरवाजा तोड़कर कर्मचारियों को निकाला गया और तत्काल ही इलाज शुरू कराया गया. बता दें कि नौगांव की कॉक्स डिस्टिलरी में शराब बनती है और यह सभी कर्मचारी बिहार के रहने वाले हैं.
पवन कुमार और प्रकाश कुमार नाम के दो कर्मचारियों की दम घुटने की वजह से मौत हो गई. वहीं, धीरज कुमार, नितेश कुमार, बृजेश कुमार बेहोश हैं. जिनका इलाज हॉस्पिटल में जारी है.
जांच कर रही टीम का कहना है कि प्राथमिक जांच के उपरांत यह पाया गया कि दम घुटने की वजह से इन लोगों की मौत हुई है.नौगांव SDOP चचलेश मरकाम का कहना है कि अब जांच के बाद तस्वीर साफ हो जाएगी. इसके अलावा बेहोश कर्मचारी जब होश में आएंगे, तो उनसे भी घटना को लेकर बारीकी से पूछताछ की जाएगी.
