सिंगरौली:
जिले में सेप्टिक टैंक में मिली चार लाशों की अंधी हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुरानी रंजिश के चलते आरोपी राजा रावत ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 पिस्टल और रॉड भी बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें से एक नाबालिक लड़का भी है। सभी आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। रीवा जोन के डीआईजी साकेत प्रसाद पांडेय ने इस पूरे मामले का खुलासा किया।
दरअसल, 4 जनवरी को सिंगरौली जिले बरगवां थाना इलाके के बड़ोखर गांव में एक मकान के पीछे बने सेप्टिक टैंक से चार लोगों की लाश मिली थी। इनकी पहचान सुरेश प्रजापति, करण साहू, राकेश सिंह और जोगेंदर महतो के रूप में हुई थी। यह मकान मृतक सुरेश प्रजापति का ही है जो आदतन अपराधी था। चारों मृतक जयंत इलाके के रहने वाले थे। चारों आपस में दोस्त थे और न्यू ईयर पार्टी मनाने सुरेश के मकान पर आए थे। चारों की लाश सुरेश के घर के बाहर बने सेप्टिक टैंक में मिली थी।
एक का गला दबाकर मारा था
पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी। जांच के लिए एसआईटी का भी गठन किया गया था। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों का पता चला। सोमवार को इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए रीवा जोन के डीआईजी साकेत प्रसाद पांडेय ने बताया की पुरानी रंजिश के चलते इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। आरोपी राजा रावत की मृतक जोगेन्दर महतो से पुरानी दुश्मनी थी, जिसके वजह से इस घटना को उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस को पोस्टमार्टम के दौरान इस बात की जानकारी लगी की मृतकों पर गोली चलाई गई थी। तीन मृतकों की हत्या गोली चलाने से हुई थी। वहीं एक मृतक की हत्या गला दबाने और सिर में घातक हथियार से हमला करने से हुई थी।