भोपाल। नई कार खरीदने की खुशी लेकर इंदौर से भोपाल जा रहा एक ही परिवार बुधवार दोपहर देवास जिले के सोनकच्छ के पास भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर पलटने से इंदौर निवासी बुआ-भतीजे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि डेढ़ साल की बच्ची सहित परिवार के 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, इंदौर के गर्ग और अग्रवाल परिवार के 12 सदस्य भोपाल में अपनी मनपसंद कार खरीदने जा रहे थे, जो इंदौर में उपलब्ध नहीं थी।
सोनकच्छ के समीप अचानक वाहन संतुलन खोकर पलट गया, जिससे चीख-पुकार मच गई। हादसे में मयूरेश गर्ग (38) और उनकी बुआ संगीता अग्रवाल (51) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पलटी हुई कार से घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को तत्काल सोनकच्छ अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तीन एम्बुलेंस के जरिए इंदौर के बॉम्बे हॉस्पिटल रेफर किया गया।
घायलों में सुनील अग्रवाल (62), प्रखर (32), रिमी (30), पलक (26), सुरभि (28) व उनकी डेढ़ साल की बेटी सहित स्वप्नील (37), शर्मिला (36), कनव (10) और दो वर्षीय दूरविक शामिल हैं। मृतक मयूरेश गर्ग इंदौर में भाजपा से जुड़े हुए थे, जिनकी दुर्घटना की खबर मिलते ही पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय भी सोनकच्छ अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
