भोपाल। बाबूलाल गौर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (भेल) की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष बारेलाल अहिरवार को मध्य प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति आयोग का सदस्य नियुक्त कर राज्य मंत्री का दर्जा दिए जाने पर महाविद्यालय परिवार में हर्ष की लहर है। इस उपलब्धि पर गुरुवार को कॉलेज परिसर में एक भव्य स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त संचालक डॉ. मथुरा प्रसाद, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय जैन और जनभागीदारी समिति के सदस्य तेज सिंह ठाकुर ने बारेलाल अहिरवार का शॉल, श्रीफल और पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय जैन ने इस अवसर पर कहा कि यह कॉलेज के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
उन्होंने इस नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री और क्षेत्रीय विधायक व मंत्री कृष्णा गौर का हृदय से आभार व्यक्त किया। डॉ. जैन ने बताया कि बारेलाल जी ने अपने कार्यकाल में महाविद्यालय के विकास और छात्र हितों के लिए कई रचनात्मक कार्य किए हैं, जिसका लाभ विद्यार्थियों और प्राध्यापकों को निरंतर मिल रहा है। अभिवादन से अभिभूत होकर बारेलाल अहिरवार ने भविष्य में भी शैक्षणिक और सामाजिक विकास के लिए तत्पर रहने का संकल्प दोहराया।
इस गरिमामय समारोह में जनभागीदारी समिति के सदस्य तेज सिंह ठाकुर, खिलन सिंह अहिरवार, करतार सिंह नगर सहित छात्र संघ प्रभारी डॉ. अनुराधा दुबे, डॉ. अंजना अग्रवाल, डॉ. मीता बादल, डॉ. समता जैन और कॉलेज के समस्त प्रोफेसर, अधिकारी व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
