भोपाल। राजधानी के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र अंतर्गत एकता पुरी इलाके में सोमवार रात एक पिता ने अपने ही 16 वर्षीय बेटे की जान लेने की कोशिश की। पारिवारिक विवाद से उपजे गुस्से में पिता ने बेटे पर अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली किशोर को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार जब्त कर लिया है।
अशोका गार्डन पुलिस के मुताबिक, एकता पुरी निवासी 16 वर्षीय राज चौरसिया उर्फ बंटी 11वीं कक्षा का छात्र है। उसके माता-पिता के बीच लंबे समय से अनबन चल रही है, जिसके कारण पिता अलग रहता है और मां घरों में साफ-सफाई का काम कर परिवार पालती है। सोमवार रात करीब 10:45 बजे जब राज अपने घर की गैलरी में टहल रहा था, तभी उसका पिता कार से वहां पहुंचा। आरोप है कि पिता ने कार से उतरते ही अपनी बंदूक से राज की ओर निशाना साधकर फायरिंग कर दी। अचानक हुए हमले से घबराया राज भागकर कमरे में छिप गया और अपनी जान बचाई। रात के सन्नाटे में गोली चलने की आवाज से पूरी कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर ओमकार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घेराबंदी कर आरोपी पिता को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक और कारतूस बरामद किए हैं।पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी के साथ विवाद चल रहा है और घटना से दो दिन पहले भी उनके बीच झगड़ा हुआ था। आरोपी के अनुसार उसकी बंदूक का लाइसेंस ग्वालियर का है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल लाइसेंस के दस्तावेजों की जांच और घटना के पीछे के अन्य कारणों का पता लगाया जा रहा है।
