भोपाल। जिले के राजगढ़ थाना अंतर्गत भाजपा के पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया के भतीजे भूपेंद्र सिंह भूरिया के खिलाफ एक युवती ने शादी का झांसा देकर करीब छह वर्षों तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि यह मामला तब शुरू हुआ जब वह कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी और आरोपी ने उसे प्रेम जाल में फंसाकर शादी का वादा किया था। आरोपी ने राजगढ़ की संजय कॉलोनी स्थित एक मकान में पीड़िता के साथ कई बार संबंध बनाए। वर्ष 2024 में दोनों की सामाजिक रीति-रिवाज से सगाई भी हुई थी, लेकिन पिछले एक साल से आरोपी शादी करने में आनाकानी कर रहा था। मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता को कहीं से आरोपी की दूसरी लड़की के साथ शादी का कार्ड मिला।

पीड़िता के अनुसार, जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने उसे जान से मारने और स्वयं आत्महत्या करने की धमकी दी। हिम्मत जुटाकर जब पीड़िता राजगढ़ थाने पहुँची, तो वहां भी आरोपी के समर्थकों ने उसे रिपोर्ट दर्ज न कराने के लिए डराया और दबाव बनाया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी भूपेंद्र सिंह के विरुद्ध धारा 69, 351(3) और 332(बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया का कार्यकाल भी पूर्व में कई विवादों से घिरा रहा है, और अब उनके परिवार के सदस्य पर लगे इन आरोपों से क्षेत्र में भारी आक्रोश है।
