बहराइच
बहराइच में पिछले 24 घंटे से जारी हिंसा के दौर के बीच योगी सरकार ने सख्त रूख लेना शुरू कर दिया है। इस बीच लखनऊ से सचिव गृह विभाग संजीव गुप्ता के साथ ही ADG लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश भी बहराइच पहुंचे। इस बीच अमिताश यश का एक वीडियो क्लिप वायरल हो गया है, जिसमें वह हाथ में पिस्टल लेकर उग्र भीड़ पर ऐक्शन की बात करते दिखाई पड़ रहे हैं। एक हाथ में चश्मा और दूसरे में सरकारी पिस्टल हाथ में लेकर वह मातहत पुलिसकर्मियों से कहते सुनाई पड़ रहे हैं- मारो सालों को।
बहराइच में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान दो पक्षों में हिंसा के बाद से सांप्रदायिक तनाव व्याप्त है। महसी तहसील के महाराजगंज बाजार में हिंसा के बीच एक युवक की मौत के बाद से भीड़ उग्र है। प्रशासनिक अधिकारी सड़क पर उतरकर खुद स्थिति को नियंत्रण में करने की कोशिश कर रहे हैं। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटनाक्रम को लेकर अहम बैठक की। इस दौरान उनके निर्देश के बाद राज्य के गृह विभाग के सचिव और एडीजी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
एडीजी अमिताभ यश का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दंगाइयों से मोर्चा लेते पुलिसकर्मियों के बीच अचानक से पहुंचे अमिताभ ने एक हाथ में पिस्टल लेकर ललकारना शुरू किया। एक हाथ में मोबाइल और चश्मा और दूसरे में पिस्टल ताने एडीजी ने आदेश देते हुए कहा कि बढ़ो और मारो सालों को।
