11 C
London
Tuesday, March 17, 2026
Homeराज्यराजस्थान पुलिस पर गुढ़ा का गंभीर आरोप, वर्दी वाले बचा रहे बलात्कारियों...

राजस्थान पुलिस पर गुढ़ा का गंभीर आरोप, वर्दी वाले बचा रहे बलात्कारियों को, लाठीचार्ज की भनक लगते ही पेड़ पर चढ़े

Published on

झुंझुनूं

लाल डायरी से सुर्खियों में आए पूर्व मंत्री राजेंद्रसिंह गुढ़ा ने एक बार फिर भजनलाल सरकार और झुंझुनूं जिले में पदस्थ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यशैली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकार के साथ-साथ पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। अपने भाषण के दौरान गुढ़ा ने तीखे शब्दों का प्रयोग करते हुए पुलिस पर सीधा प्रहार करने से भी गुरेज नहीं किया। झुंझुनूं कलेक्ट्रेट के सामने जिले के मंडावा कस्बे से आए लोगों के साथ प्रदर्शन के दौरान एक ऐसा क्षण आया जब पूर्व मंत्री को अचानक एक नीम के पेड़ पर चढ़ना पड़ा। हालांकि, पेड़ पर चढ़कर दिया गया उनका संबोधन भी शासन-प्रशासन के खिलाफ तीखा और जोशीला रहा। बता दें कि 22 जनवरी को मंडावा की एक लाइब्रेरी में घुसकर कुछ छात्रों से मारपीट की घटना सामने आई थी, जिसमें पूर्व मंत्री ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया था।

दरअसल, पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा के नेतृत्व में मंडावा कस्बे से झुंझुनूं जिला कलेक्ट्रेट तक सैकड़ों लोगों ने जन आक्रोश रैली निकाली। यह रैली मंडावा से शुरू होकर करीब 30 किमी की पैदल यात्रा के बाद शाम चार बजे झुंझुनूं पहुंची। झुंझुनूं पहुंचने पर लोगों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन पर दस दिन पहले लाइब्रेरी में हुई मारपीट के मामले में एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए विरोध दर्ज कराया। इस दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस बीच, लाठीचार्ज की अफवाह फैलते ही प्रदर्शनकारियों में अफरा-तफरी मच गई और वे इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान, पूर्व मंत्री राजेंद्रसिंह गुढ़ा एक नीम के पेड़ पर चढ़ गए और वहीं से अपने संबोधन को जारी रखा।

भजनलाल सरकार को गुढ़ा की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान, पूर्व मंत्री राजेंद्रसिंह गुढ़ा ने कहा कि जिले में एक समुदाय विशेष के खिलाफ पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है। झुंझुनूं कलेक्ट्रेट पर हुए इस विरोध प्रदर्शन के दौरान, उन्होंने कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में भजनलाल सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखे शब्दों में नाराजगी जताई। हाल ही में झुंझुनूं उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके गुढ़ा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भजनलाल सरकार को अपने समर्थकों को नियंत्रित करना चाहिए और किसी भी तरह की बदमाशी को बढ़ावा देने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे राजस्थान को उत्तर प्रदेश बनने नहीं देंगे।

पुलिस पर गंभीर आरोप
पुलिस पर भी तीखे शब्दों में प्रहार करते हुए गुढ़ा ने कहा कि वर्दी का दुरुपयोग न किया जाए, अन्यथा सख्त विरोध किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुलिस मनमानी करेगी तो उसका कड़ा जवाब दिया जाएगा। मंडावा कस्बे में हुई हालिया घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने पुलिस पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करने का आरोप लगाया और कहा कि छोटे-छोटे बच्चों पर हत्या और हत्या के प्रयास के मामले दर्ज कर दिए गए हैं।

गुढ़ा का विवादित बयान
अपने संबोधन के दौरान गुढ़ा ने एक विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि अन्याय करने वालों को ईश्वर सजा देगा। झुंझुनूं शहर की हाल ही में घटी एक घटना पर बोलते हुए उन्होंने पुलिस पर बलात्कारी को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर पीड़िता किसी पुलिस अधिकारी की बेटी होती, तो क्या तब भी ऐसा ही होता? उन्होंने पुलिस को आगाह करते हुए कहा कि किसी को परेशान न किया जाए और कानून का दुरुपयोग न किया जाए।

आमरण अनशन की चेतावनी
गुढ़ा ने चेतावनी दी कि यदि इन मामलों में जल्द निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आमरण अनशन करेंगे। उन्होंने कहा कि 27 फरवरी को झुंझुनूं में आक्रोश सभा का आयोजन किया जाएगा और यदि जरूरत पड़ी, तो जयपुर विधानसभा तक 300 किमी की यात्रा भी की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मंडावा में एक पक्ष के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर कई लोगों को जेल में डाल दिया गया, जबकि दूसरे पक्ष पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।

एसपी को सौंपा गया ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद, मोहम्मद इब्राहिम खान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी शरद चौधरी से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मंडावा मामले की निष्पक्ष जांच, दूसरे पक्ष पर भी मामला दर्ज करने, जांच अधिकारी बदलने, काना पहाड़ी में आबादी क्षेत्र में खनन के खिलाफ प्रदर्शन करने वालों पर लगाए गए मुकदमे में एफआर लगाने और झुंझुनूं में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गई।

Latest articles

नई दिल्ली में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से की मुलाकात, शिक्षा सुधारों पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान...

हमीदिया अस्पताल फायरिंग: पुलिस की बड़ी लापरवाही उजागर, घायल हिस्ट्रीशीटर के साथ पहुंचे जवान भी थे निहत्थे

भोपाल हमीदिया अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर शनिवार सुबह हुई फायरिंग की घटना में पुलिस...

मप्र में पेंशन भुगतान की नई व्यवस्था 1 अप्रैल से लागू, एसबीआई बनेगा एग्रीगेटर बैंक

भोपाल मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य के करीब साढ़े चार लाख पेंशनभोगियों को बड़ी राहत देते...

ग्रुप-5 भर्ती परीक्षा 2026: स्वास्थ्य विभाग में 373 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू

भोपाल मप्र कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े स्टाफ नर्स, पैरामेडिकल और...

More like this

कॉर्पोरेट इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में DBT प्रायोजित व्याख्यान श्रृंखला संपन्न: जैव प्रौद्योगिकी के भविष्य पर हुई चर्चा

भोपाल। भारत सरकार के बायोटेक्नोलॉजी विभाग (DBT) के सहयोग से भोपाल के कॉर्पोरेट इंस्टीट्यूट ऑफ...

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दी होली व धुलंडी की शुभकामनाएं

जयपुर भजनलाल शर्मा ने होली एवं धुलंडी के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई...

मप्र में अवैध कॉलोनियों पर सख्ती की तैयारी, 90 दिन में एफआईआर और 10 साल तक की सजा का प्रस्ताव

भोपाल मप्र में तेजी से बढ़ रही अवैध कॉलोनियों पर रोक लगाने के लिए राज्य...