10.3 C
London
Tuesday, March 17, 2026
Homeराज्ययूपीः NDA में कैसे सुलझेगी सीट बंटवारे की गुत्थी? अपना दल का...

यूपीः NDA में कैसे सुलझेगी सीट बंटवारे की गुत्थी? अपना दल का 5 सीटों पर दावा

Published on

लखनऊ,

लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहा है, गठबंधन में सीटों की दावेदारी भी शुरू हो गई है. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में ओमप्रकाश राजभर के नेतृत्व वाली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने लोकसभा की तीन सीटें मांगी हैं. अब एक और प्रमुख घटक दल अपना दल (एस) ने भी पांच सीटों पर दावेदारी कर दी है.

सूत्रों के मुताबिक अपना दल एस ने मिर्जापुर, प्रतापगढ़, अंबेडकरनगर, फतेहपुर और जालौन सीट की भी मांग की है. इनमें से दो सीटें मिर्जापुर और प्रतापगढ़ पहले से ही अपना दल (एस) के पास हैं. अंबेडकरनगर, फतेहपुर और जालौन सीट पर 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने उम्मीदवार उतारे थे. इसबार अपना दल (एस) ने इन तीन सीटों पर भी दावेदारी कर दी है.

जानकारी के मुताबिक लोकसभा चुनाव से पहले एनडीए की बैठक में सहयोगी दलों ने सीटों को लेकर भी बात की थी. बताया जाता है कि एनडीए की बैठक में सीटों को लेकर भी चर्चा हुई. 80 लोकसभा सीटों वाले यूपी में बीजेपी के सहयोगी अपना दल एस की प्रमुख अनुप्रिया पटेल ने अधिक सीटों की दावेदारी करते हुए कहा कि विधायकों की संख्या का ध्यान रखा जाए.

2014 और 2019 में अपना दल को मिली थीं 2 सीटें
साल 2014 में संयुक्त अपना दल एनडीए में शामिल होकर चुनाव मैदान में उतरा था. अपना दल ने तब दो सीट मिर्जापुर और प्रतापगढ़ से उम्मीदवार उतारे थे. मिर्जापुर से अनुप्रिया पटेल और प्रतापगढ़ से हरिवंश सिंह लोकसभा पहुंचने में सफल रहे थे. 2016 में मां कृष्णा पटेल और बड़ी बहन पल्लवी पटेल से विवाद के बाद अनुप्रिया ने अपना दल सोनेलाल नाम से अलग पार्टी बना ली. अपना दल एस ने 2019 का लोकसभा चुनाव भी बीजेपी के साथ मिलकर लड़ा.

अपना दल (एस) के हिस्से 2019 में मिर्जापुर और सोनभद्र सीट आई थी. मिर्जापुर सीट से अनुप्रिया पटेल लगातार दूसरी बार लोकसभा पहुंचीं. अपना दल (एस) के टिकट पर सोनभद्र से पकौड़ीलाल कोल भी संसद पहुंचने में सफल रहे थे. अपना दल (एस) के विस्तार की कोशिशों में जुटीं अनुप्रिया पिछले दो चुनाव से दो सीट पर अटका पार्टी के कोटे का कांटा इसबार बढ़ाना चाहती हैं. अनुप्रिया ने सोनभद्र सीट बदलने की भी मांग की है.

तीन सीट की मांग कर रही सुभासपा
ओमप्रकाश राजभर की सुभासपा गाजीपुर लोकसभा सीट के साथ ही तीन सीटें मांग रही है. सुभासपा के छह विधायक हैं. ऐसे में अनुप्रिया ने पांच सीटों की मांग करते हुए विधायकों की संख्या का ध्यान रखने की बात कही. अनुप्रिया के बयान से साफ है कि अगर छह सीटों वाली सुभासपा को दो या तीन सीटें दी जाती हैं तो उसी अनुपात में अपना दल (एस) को भी सीटें दी जाएं.

बीजेपी की ओर से नहीं आया है कोई बयान
एक तरफ बीजेपी जहां गठबंधन का कुनबा बढ़ाने में जुटी है तो वहीं दूसरी तरफ सीटों को लेकर माथापच्ची भी बढ़ती नजर आ रही है. सुभासपा पहले से ही तीन सीटें मांग रही है, निषाद पार्टी भी दो सीटें चाह रही है. अब अपना दल (एस) ने भी पांच सीटों पर दावा ठोक दिया है. अगर इस आधार पर देखें तो बीजेपी को चुनाव लड़ने के लिए 70 सीटें मिलेंगी जो पार्टी के नेताओं को मंजूर होगा? ऐसे में देखना होगा कि यूपी में सीट बंटवारे की गुत्थी कैसे सुलझती है.

बीजेपी ने रखा है सभी सीटें जीतने का लक्ष्य
बीजेपी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में यूपी की सभी 80 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है. इसके लिए पार्टी गठबंधन में नए सहयोगियों को जोड़ रही है. साथ ही पुराने गठबंधन सहयोगियों को भी फिर से साथ लाने की भी कवायद चल रही है जो बीच में किसी कारण से एनडीए से अलग हो गए थे.

Latest articles

नई दिल्ली में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से की मुलाकात, शिक्षा सुधारों पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान...

हमीदिया अस्पताल फायरिंग: पुलिस की बड़ी लापरवाही उजागर, घायल हिस्ट्रीशीटर के साथ पहुंचे जवान भी थे निहत्थे

भोपाल हमीदिया अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर शनिवार सुबह हुई फायरिंग की घटना में पुलिस...

मप्र में पेंशन भुगतान की नई व्यवस्था 1 अप्रैल से लागू, एसबीआई बनेगा एग्रीगेटर बैंक

भोपाल मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य के करीब साढ़े चार लाख पेंशनभोगियों को बड़ी राहत देते...

ग्रुप-5 भर्ती परीक्षा 2026: स्वास्थ्य विभाग में 373 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू

भोपाल मप्र कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े स्टाफ नर्स, पैरामेडिकल और...

More like this

कॉर्पोरेट इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में DBT प्रायोजित व्याख्यान श्रृंखला संपन्न: जैव प्रौद्योगिकी के भविष्य पर हुई चर्चा

भोपाल। भारत सरकार के बायोटेक्नोलॉजी विभाग (DBT) के सहयोग से भोपाल के कॉर्पोरेट इंस्टीट्यूट ऑफ...

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दी होली व धुलंडी की शुभकामनाएं

जयपुर भजनलाल शर्मा ने होली एवं धुलंडी के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई...

मप्र में अवैध कॉलोनियों पर सख्ती की तैयारी, 90 दिन में एफआईआर और 10 साल तक की सजा का प्रस्ताव

भोपाल मप्र में तेजी से बढ़ रही अवैध कॉलोनियों पर रोक लगाने के लिए राज्य...