मथुरा,
उत्तर प्रदेश के मथुरा में पटाखे फोड़ने को लेकर दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे. इस हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. लेकिन, इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
घटना शेरगढ़ थाना क्षेत्र के सेही गांव की है. यहां पटाखे फोड़ने को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले. इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें संजू अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गए. लेकिन, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. दूसरा दौलत गंभीर रूप से घायल है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
मामले में पुलिस कर रही है जांच
इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. बताया जाता है कि पटाखे फोड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी. वहीं, दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है.
आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है- SP
एसपी ग्रामीण त्रिगुण विशन का कहना है कि दो पक्षों के बीच पटाखे फोड़ने को लेकर विवाद हुआ था. उनका कहना है कि इस विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और एक शख्स का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. मामले की जांच की जा रही है. इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
