लखनऊ
मल्लिकार्जुन खरगे के तौर पर कांग्रेस पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। करीब 24 साल बाद ऐसा पहली बार हुआ है, जब कांग्रेस का अध्यक्ष गैर गांधी परिवार से हैं। मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने प्रतिद्वंद्वी शशि थरूर को शिकस्त दी है। वहीं बीजेपी (BJP) ने कांग्रेस के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के भविष्य को लेकर चिंता जाहिर कर दी है। बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि हमे चिंता है कि कही उनका हश्र भी सीताराम केसरी जैसा ना हो जाए। वहीं बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि इस चुनाव के बाद अगर कांग्रेस पार्टी अपने अंदर परिवर्तन करती है तो लोकतंत्र के लिए अच्छा है। पार्टी के भीतर भी आंतरिक लोकतंत्र होना चाहिए। लेकिन इसकी संभावना बेहद कम है। अब चर्चा है कि कांग्रेसमें अध्यक्ष पद पर रहने के बाद भी पार्टी में किसी चलेगी। वहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने भी मल्लिकार्जुन खरगे को ट्वीट कर बधाई दी है। पीएम मोदी ने खरगे के कार्यकाल के फलदायी होनी की कामना की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब तक जिस तरीके से चली है, इसमें इतने परिवर्तन की उम्मीद करना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा मल्लिकार्जुन खरगे के रूप में भले ही कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिल गया हो, लेकिन अभी भी निर्णय लेने की ऑथोरिटी गांधी परिवार के पास ही रहेगी। सोनिया गांधी और राहुल गांधी ही पार्टी को चलाएंगे। मल्लिकार्जुन खरगे सिर्फ आभासी अध्यक्ष ही होंगे।
राजस्थान में उथल-पुथल कांग्रेस की चुनौती- राकेश
आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव को लेकर बीजेपी प्रवक्ता ने कहा जिन राज्यों में चुनाव है, वहां कांग्रेस बिल्कुल भी चुनौती के रूप में नहीं है। वहीं कांग्रेस की असली चुनौती राजस्थान में है, क्योंकि वहां उथल-पुथल चल रही है। कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के दौरान भी देखने को मिला है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस अब तक की सबसे शर्मनाक हार देखेंगी तो वहीं लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस की दुर्गति होने जा रही है। वो क्षेत्रीय पार्टी से भी खराब प्रदर्शन करने वाली है।
2024 चुनाव में सपा किसी बड़े दल से गठबंधन नहीं करेगी
वहीं सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कांग्रेस के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को बधाई देते हुए कहा कि विपक्ष और संगठन की मजबूती के लिए कांग्रेस का संगठन होना जरूरी है। बहुत समय से उनके पास स्थाई अध्यक्ष नहीं था, उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष का मजबूत होना जरूरी है। साथ ही उम्मीद जताई कि इससे विपक्ष और मजबूत होगा। वहीं लोकसभा चुनाव को लेकर सपा प्रवक्ता ने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव से पहले ही नए अध्यक्ष की परीक्षा गुजरात और हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में होने वाली है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में सपा छोटे दलों के साथ चुनाव लड़ेगी। चेहरे पर निर्णय पार्टी आलाकमान आने वाले समय में लेगा।
सब तक मैसेज था कि खडगे गांधी परिवार की पसंद हैं- नवल
कांग्रेस के नए अध्यक्ष को लेकर वरिष्ठ पत्रकार नवल कांत सिन्हा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 22 साल बाद चुनाव कराकर एक लोकतांत्रित प्रक्रिया को अपनाया है। ये बात पहले दिन से सबको पता था कि खरगे चुनाव जीत रहे है। उन्होंने एनबीटी ऑनलाइन से बात करते हुए कहा कि भले ही गांधी परिवार ने कहा हो कि ये फेयर चुनाव है और हम किसी को भी समर्थन नहीं करेंगे। ये सब तक मैसेज था कि खरगे गांधी परिवार की पसंद हैं।
सोनिया गांधी में क्या बुराई थी- वरिष्ठ पत्रकार
वरिष्ठ पत्रकार ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे की उम्र 80 साल है तो देखना होगा कि इस उम्र में कितना एक्टिव रह पाते हैं, और कितना राज्यों में जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर इसी उम्र के नेता को अध्यक्ष बनाना था तो सोनिया गांधी क्या बुरी थी वो सर्वमान्य भी थी और सभी उनको पसंद भी करते थे। लेकिन फिर भी चुनाव से अध्यक्ष चुना गया है, ये लोकतांत्रिक लिहाज से अच्छी बात है। साथ ही ये भी चिंता व्यक्त की, कि एक नेता जिसका पहले से तय था अध्यक्ष बनना, ये कही ना कही निगेटिव मैसेज जाने वाला है।
गुजरात-हिमाचल में कांग्रेस लड़ती नहीं दिख रही- नवल कांत
आगामी विधानसभा चुनाव के सवाल पर नवल कांत सिन्हा ने कहा कि चुनाव गुजरात, हिमाचल में होने वाले हैं और राहुल गांधी साउथ में यात्रा कर रहे है। ऐसे में कांग्रेस ने खुला छोड़ दिया है कि जिसका कुछ भी जनाधार नहीं है वो अपना जनाधार खड़ा कर लें। क्योंकि कांग्रेस कही लड़ती नहीं दिख रही है, जबकि हिमाचल-गुजरात में कांग्रेस के पास इस बार अच्छा मौका था। वहीं अगर कांग्रेस इन दोनों राज्यों में जीतती है तो वो सिर्फ बीजेपी की नाराजगी से जीतेंगी। लोकसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि अभी उसमें समय है।
कांग्रेस और देश को मजबूत करने का काम करेंगे
नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने के बाद कांग्रेस में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। कांग्रेस प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने मल्लिकार्जुन खरगे को अध्यक्ष बनने पर शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि बाबू जगजीवन राम के बाद पार्टी में फिर से समाज के वंचित और शोषित दलित वर्ग से आने वाले खड़गे जी राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। हम सभी बहुत आशांवित और दृढसंकल्पित है कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस के कार्यकर्ता नौऊर्जा के साथ काम करेंगे। कांग्रेस और देश को मजबूत करने का काम करेंगे।
