बेगूसराय
बेगूसराय में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जोरदार प्रहार किया। उन्होंने गुरुवार को अरविंद केजरीवाल को ‘फ्रस्ट्रेटेड और घोटालों का सरदार’ करार देते हुए आरोप लगाया कि केजरीवाल ने अपने 11 साल के कार्यकाल में लगातार घोटाले किए हैं। गिरिराज सिंह ने दावा किया कि केजरीवाल ने दिल्ली चुनाव में हार स्वीकार कर ली है। अब दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी। गिरिराज सिंह ने केजरीवाल सरकार पर शराब, शिक्षा, और 300 करोड़ रुपये से जुड़े सीएजी रिपोर्ट घोटाले जैसे मामलों का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने जनता से जो वादे किए, उन्हें पूरा नहीं किया।
गिरिराज ने केजरीवाल पर लगाई आरोपों की झड़ी
गिरिराज सिंह ने कहा, ‘केजरीवाल 11 साल से दिल्ली के मुख्यमंत्री हैं और उनके शासनकाल में घोटालों की भरमार रही है। सीएजी रिपोर्ट न देने के 300 करोड़ के मामले से लेकर शराब और शिक्षा में हुए घोटालों तक, इनकी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं। जनता से किए गए वादों को न पूरा करना भी अपने आप में एक बड़ा घोटाला है।’
केजरीवाल से बदला लेगी पूर्वांचली: गिरिराज
उन्होंने केजरीवाल पर बिहार, झारखंड, यूपी, और पूर्वांचल के लोगों का अपमान करने का आरोप लगाया। गिरिराज सिंह ने कहा, ‘केजरीवाल बिहार और यूपी के लोगों को गाली देते हैं, हिंदुओं पर प्रहार करते हैं। वोट के लिए अनाप-शनाप बयान देते हैं। पूर्वांचली लोगों का अपमान करते हैं। जनता इसे भूलेगी नहीं, जनता इसका बदला केजरीवाल से लेगी।’
केजरीवाल ‘नकली पॉलिटिकल हिंदू’: गिरिराज
गिरिराज सिंह ने केजरीवाल को ‘नकली पॉलिटिकल हिंदू’ बताते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने राम और सीता का अपमान किया। उन्होंने कहा, ‘केजरीवाल ने हिंदू आस्था का मजाक उड़ाने का काम किया है। दिल्ली की जनता अब इन्हें सबक सिखाएगी।’ अंत में गिरिराज सिंह ने जोर देकर कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी और केजरीवाल का राजनीतिक प्रभाव खत्म हो जाएगा।
