मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राजस्थान में शिक्षा के क्षेत्र में चल रहे सुधारों, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के प्रभावी क्रियान्वयन तथा युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और रोजगारोन्मुख बनाने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। साथ ही युवाओं को बदलते समय के अनुरूप कौशल धारित शिक्षा देने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राजस्थान में अंतरराष्ट्रीय भाषाओं के शिक्षण को भी बढ़ावा देने की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि प्रदेश के युवा वैश्विक स्तर पर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, कौशल विकास और नवाचार को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जाएं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान में डबल इंजन सरकार ‘शिक्षित प्रदेश-उन्नत प्रदेश’ के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। राज्य सरकार का प्रयास है कि युवाओं को बेहतर शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं, जिससे प्रदेश का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने इस दिशा में केंद्र सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन को भी महत्वपूर्ण बताया।
Read Also :- शिविर बच्चों की शिक्षा और उनके समग्र विकास की आधारशिला — संतोष गुप्ता — बीएचईएल में निःशुल्क पोषण वितरण शिविर
