रायपुर। विष्णु देव साय से आज उनके निवास कार्यालय में रक्षा निखिल खडसे ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर रायपुर उत्तर के विधायक पुरन्दर मिश्रा, भारतीय खेल प्राधिकरण के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव तथा खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री का शॉल, बस्तर आर्ट से निर्मित आकर्षक प्रतिकृति और बस्तर दशहरा पर आधारित कॉफी टेबल बुक भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित अवसर, संसाधन और सशक्त मंच उपलब्ध कराने की है। राज्य सरकार खेल और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में आयोजित बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक ने प्रदेश को नई पहचान दिलाई है। इन आयोजनों के जरिए कई छिपी हुई प्रतिभाएं सामने आई हैं, जिससे युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है। सरकार उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 की मेजबानी करना राज्य के लिए गर्व की बात है और इससे आदिवासी अंचल के युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में शांति स्थापित होने के बाद अब वहां खेलों में युवाओं की भागीदारी और तेजी से बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने बस्तर पंडुम का उल्लेख करते हुए बताया कि इस आयोजन में पारंपरिक खेल, गायन, वादन, वेशभूषा और व्यंजनों सहित 12 विधाओं में करीब 54 हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जो प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक और खेल विरासत का उदाहरण है। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खडसे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं। जगदलपुर में आयोजित इस कार्यक्रम को उन्होंने आदिवासी सशक्तिकरण, जमीनी स्तर पर प्रतिभा खोज और खेलों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
