भोपाल। राजधानी के प्रमुख व्यापारिक केंद्र बीएचईएल (भेल) स्थित गांधी मार्केट व्यापारी संघ के चुनाव 13 साल के लंबे अंतराल के बाद सफलतापूर्वक संपन्न हुए। चुनाव अधिकारी गोपाल कृष्ण अग्रवाल की देखरेख में आयोजित इस प्रक्रिया में व्यापारियों ने जबरदस्त उत्साह दिखाया और 95 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। कुल 202 मतदाताओं में से 193 व्यापारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
अध्यक्ष पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में महेंद्र नामदेव ‘मोनू’ ने 125 मत हासिल कर 57 मतों के अंतर से अपने प्रतिद्वंद्वी नीरज इशरानी (68 मत) को पराजित किया। जीत के पश्चात चुनाव अधिकारी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को आधिकारिक प्रमाण-पत्र सौंपा। निर्वाचित होने के बाद अध्यक्ष महेंद्र नामदेव ने ‘एकता, सबका सम्मान और सबका विकास’ का विजन साझा किया। उन्होंने मार्केट के कायाकल्प के लिए अपना संकल्प पत्र दोहराते हुए कहा कि पूरे मार्केट में सीसीटीवी कैमरे लगवाना, बाउंड्री वॉल का सौंदर्यीकरण और पार्किंग क्षेत्र में सुधार उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

साथ ही, उन्होंने व्यापारिक हितों को बढ़ावा देने के लिए गांधी मार्केट को आधुनिक बाजारों की तर्ज पर पुनर्विकसित करने और स्वच्छता में नगर निगम से प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने पारदर्शिता का भरोसा दिलाते हुए कहा कि गार्ड और अन्य आयोजनों के लिए किए जाने वाले धन-संग्रह का हिसाब पूरी तरह सार्वजनिक रखा जाएगा।
