भोपाल। बरखेड़ा पठानी के वार्ड क्रमांक 56 में लंबे समय से व्याप्त जल प्रदाय समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय रहवासियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। साकेत नगर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुशील प्रजापति के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में श्रमिक कांग्रेस नेता दीपक गुप्ता मुख्य रूप से शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और क्षेत्र में पानी की गंभीर किल्लत की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने वार्ड प्रभारी को प्रतीकात्मक रूप से खाली मटका भेंट कर एक ज्ञापन भी सौंपा। प्रदर्शन के दबाव के बाद वार्ड प्रभारी ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया है कि आगामी 24 घंटे के भीतर क्षेत्र की पानी की समस्या का उचित निराकरण कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरिराम प्रजापति, के.पी. सिंह, टी.आर. गहलोत, और राम बहादुर कुशवाह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपेंद्र सिंह ठाकुर, गोपाल यादव, रितेश सोनी, लोकेंद्र शर्मा और पर्थो मुखर्जी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की और चेतावनी दी कि यदि समस्या हल नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
